रायपुर। सस्ते दाम पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का झांसा देकर बेमेतरा के कारोबारी मृत्युंजय शर्मा से एक करोड़ 28 लाख 18 हजार 668 रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
गंज थाना पुलिस ने इस मामले में मुंबई की सनरूट एनर्जी साल्यूशन कंपनी की डायरेक्टर विनीता मुर्गेश पध्याची, हर्षिता सिंह, सरफराज, अक्षत पांडेय, अरमान और तौहिद काजी समेत अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
भरोसे में लेकर 1800 पैनल का आर्डर दिलाया
आरोपितों ने पहले 108 सोलर पैनल का सौदा किया और फिर कारोबारी को भरोसे में लेकर 1800 पैनल का आर्डर दिलाया। अलग-अलग बैंक खातों में 1.28 करोड़ रुपये जमा कराने के बाद भी सामान की सप्लाई नहीं की। कारोबारी को फर्जी ई-वे बिल और जीएसटी नंबर भेजकर गुमराह करने का प्रयास किया गया।
ऑनलाइन साइट से जुटाया मोबाइल नंबर
एफआईआर के अनुसार, बेमेतरा के वार्ड नंबर चार निवासी मृत्युंजय शर्मा का रायपुर के फाफाडीह चौक स्थित रहेजा टावर में मंगलम प्रोजेक्ट्स के नाम से सोलर पैनल का कारोबार है। वह पीएम सूर्य घर योजना के तहत वेंडर का काम भी करते हैं।
16 जून 2026 को उनके मोबाइल पर तौहिद काजी का फोन आया। उसने बताया कि उसे कारोबारी का नंबर ऑनलाइन साइट से मिला है। उसने मुंबई की सनरूट एनर्जी साल्यूशन कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए सोलर पैनल की सप्लाई करने की बात कही।
108 पैनल से शुरू हुई बातचीत
तौहिद ने कंपनी की डायरेक्टर विनीता मुर्गेश पध्याची और हर्षिता सिंह का नाम बताते हुए बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। एक पैनल की कीमत 13,721 रुपये बताई गई। कारोबारी ने 108 पैनल खरीदने का सौदा किया।
आरोपितों ने 35 प्रतिशत अग्रिम राशि जमा कराने और 10 दिन के भीतर सामान की डिलीवरी का भरोसा दिया। इस पर कारोबारी ने कंपनी के उज्जीवन बैंक खाते में एनईएफटी से पांच लाख 18 हजार 668 रुपये जमा कर दिए।
1800 पैनल का सौदा बताकर जमा करवाए पैसे
कुछ दिनों बाद तौहिद ने कारोबारी का संपर्क कंपनी के मैनेजर सरफराज से कराया। इसके बाद अक्षत पांडेय से बातचीत हुई। उसने भी खुद को कंपनी का मैनेजर बताया और अपनी कंपनी से सोलर पैनल खरीदने में अधिक फायदा होने का दावा किया।
आरोप है कि इसके बाद 1800 सोलर पैनल का सौदा दो करोड़ 25 लाख 43 हजार 920 रुपये में तय किया गया। कारोबारी ने अलग-अलग तारीखों में एयू स्माल फाइनेंस बैंक के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से कुल एक करोड़ 28 लाख 18 हजार 668 रुपये जमा कर दिए।
फर्जी बिल भेजकर मांगी बची रकम
रकम जमा होने के बाद भी कंपनी ने सोलर पैनल की डिलीवरी नहीं की। इस बीच अक्षत पांडेय ने कारोबारी को वाट्सएप पर ई-वे बिल और जीएसटी नंबर भेजकर बची हुई रकम जमा करने के लिए कहा। कारोबारी ने पहले जमा रकम के बराबर सामान भेजने की मांग की और दस्तावेजों की जांच कराई।
जांच में ई-वे बिल और जीएसटी नंबर फर्जी निकले। इसके बाद कारोबारी ने कंपनी के डायरेक्टर, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि सभी ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए।




