Home » ईरान युद्ध » अमेरिका का ईरान पर लगातार दूसरे दिन हमला, जवाब में ईरान ने कुवैत-बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया; होर्मुज फिर बंद किया

अमेरिका का ईरान पर लगातार दूसरे दिन हमला, जवाब में ईरान ने कुवैत-बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया; होर्मुज फिर बंद किया

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका ने गुरुवार सुबह ईरान के कई ठिकानों पर नए हवाई हमले किए है। यह अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद लगातार दूसरे दिन बड़ा अटैक है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक केश्म द्वीप, बंदर अब्बास, मीनाब और सीरिक में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान समझौते की बातचीत में देरी कर रहा है, इसलिए अमेरिका दबाव बनाए रखेगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों से भी हमले किए।

इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। हालांकि, किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को सभी जहाजों के लिए बंद कर दिया है। हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे खारिज कर दिया।

ईरान का दावा- जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं

ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। हमले में अमेरिकी F-35, F-15 और F-16 लड़ाकू विमानों के ठिकानों, हैंगर और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया।

IRGC ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका के हालिया हवाई हमलों के जवाब में की गई। ईरानी दावे के अनुसार मिसाइलों का लक्ष्य अमेरिकी सैन्य सुविधाएं और ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर थे।

हालांकि जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने अल-अजराक क्षेत्र की ओर बढ़ रही पांच मिसाइलों को रास्ते में ही मार गिराया। सेना के अनुसार इंटरसेप्शन के दौरान मलबा जॉर्डन के इलाके में गिरा, लेकिन किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

बहरीन में फिर बजे एयर रेड सायरन, लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बहरीन में एक बार फिर एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि नागरिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। हालांकि सायरन बजाने की वजह या संभावित खतरे के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले, सेना बोली- जवाबी कार्रवाई जारी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कुवैत ने कहा है कि उसके खिलाफ मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं। कुवैती सेना ने बताया कि वह इन हमलों का जवाब दे रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

सेना ने लोगों से शांति बनाए रखने और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने नागरिकों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा है।

अमेरिका बोला- ईरानी ठिकानों पर हमला पूरा

अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान के खिलाफ शुरू किए गए नए हवाई हमले पूरे कर लिए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।

सेंटकॉम ने कहा कि हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य निगरानी नेटवर्क और कम्युनिकेशन सिस्टम को टारगेट किया गया। अमेरिकी सेना के मुताबिक, ये ठिकाने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी बलों और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।

सेंटकॉम ने कहा कि फिलहाल यह ऑपरेशन पूरा हो चुका है, लेकिन अमेरिकी सेना पूरी तरह अलर्ट है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई के लिए तैयार है।

होर्मुज बंद के ऐलान के बाद तेल 2% से ज्यादा महंगा

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखने लगा है। ईरान के होर्मुज स्ट्रेट बंद करने के ऐलान के बाद गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में 2% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

ब्रेंट क्रूड 2.5% उछलकर 95.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 2.9% बढ़कर 92.63 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।

ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने दावा किया कि अमेरिका के ताजा हमलों के बाद होर्मुज स्ट्रेट को तेल टैंकरों और व्यावसायिक जहाजों के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram