Home » ईरान युद्ध » अमेरिका ने ईरान के 7 छोटी जहाजों को डुबाया, ट्रम्प ने दी ईरान को धरती से मिटाने की धमकी, व्यापारिक जहाजों पर हमले का आरोप

अमेरिका ने ईरान के 7 छोटी जहाजों को डुबाया, ट्रम्प ने दी ईरान को धरती से मिटाने की धमकी, व्यापारिक जहाजों पर हमले का आरोप

तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि उनकी मिलिट्री ने ईरान के 7 छोटी जहाजों को डुबो दिया है। उनके मुताबिक ये होर्मुज से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमला कर रही थीं। हालांकि, ईरान ने इस पर अभी कोई जवाब नहीं दिया है।

ट्रम्प ने कहा कि ईरान के पास आगे दो ही रास्ते हैं। या तो ईमानदारी से समझौता करे, या फिर दोबारा हमले झेलने के लिए तैयार रहे। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि अगर ईरानी सेना ने अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाने की गलती की तो उन्हें धरती से मिटा दिया जाएगा।

अमेरिका ने सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास प्रोजेक्ट फ्रीडम ऑपरेशन शुरू किया है। इसके तहत वह वहां गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को सुरक्षा दे रही है। इसी दौरान दोनों देशों के बीच संघर्ष हुआ।

ईरान का कहना है कि होर्मुज पर उसका कंट्रोल है, उसकी इजाजत के बिना वे किसी जहाजों को गुजरने नहीं देंगे।

UAE में ईरानी हमलों में अब तक 10 लोगों की मौत

UAE ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों और ड्रोन को रोक लिया है।

मंत्रालय के मुताबिक, इनमें 12 बैलिस्टिक मिसाइल, 3 क्रूज मिसाइल और 4 ड्रोन शामिल थे। सोमवार को इस कार्रवाई के दौरान 3 लोग घायल हुए।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अब तक UAE की रक्षा प्रणाली 549 बैलिस्टिक मिसाइल, 29 क्रूज मिसाइल और 2,260 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर चुकी है। कुल घायलों की संख्या बढ़कर 227 हो गई है, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं, भारत के लोग भी इनमें हैं।

यूएई का कहना है कि अब तक ईरानी हमलों में उसके 3 सैनिक मारे गए हैं। इनमें एक मोरक्को का नागरिक भी था, जो सेना के साथ अनुबंध पर काम कर रहा था। इसके अलावा कुल 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, भारत, मिस्र और फलस्तीन के नागरिक शामिल हैं।

दुबई में आज से स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई शुरू

दुबई के प्राइवेट स्कूल 5 मई से 8 मई तक अस्थायी रूप से ऑनलाइन पढ़ाई पर शिफ्ट हो गए हैं। गल्फ न्यूज के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला छात्रों, स्टाफ और पूरे समुदाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पढ़ाई बिना रुके जारी रहे।

ईरान बोला- होर्मुज संकट का बातचीत से ही हल निकलेगा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज में आज जो हालात बने, उससे साफ है कि इस संकट का कोई सैन्य हल नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत आगे बढ़ रही है और हल बातचीत से ही निकलेगा।

साथ ही उन्होंने अमेरिका और UAE को चेतावनी दी कि वे दूसरों के उकसावे में आकर इस संघर्ष में और न फंसें, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं।

ट्रम्प बोले- UAE पर हमला सीजफायर का उल्लंघन नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को UAE पर हुए ईरान के हमले को सीजफायर का उल्लंघन बताने से इनकार कर दिया। एबीसी न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि यह बहुत बड़ा हमला नहीं था और ज्यादातर मिसाइलों को गिरा दिया गया।

जब उनसे फिर पूछा गया कि क्या यह युद्धविराम का उल्लंघन है, तो उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है और बाद में जानकारी दी जाएगी। ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके लिए बेहतर यही होगा कि सीजफायर जारी रहे, क्योंकि यही उसके हित में है।

इससे पहले UAE ने दावा किया था ईरान की तरफ़ से 15 मिसाइलें और 4 ड्रोन से हमले हुए थे। ईरान ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।

कनाडा ने UAE के लिए समर्थन दोहराया

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद UAE के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि वे शेख मोहम्मद बिन जायद और UAE के लोगों के साथ एकजुटता में खड़े हैं।

कनाडा ने इस दौरान क्षेत्र में तनाव कम करने की अपील भी दोहराई और कहा कि हालात को संभालने के लिए बातचीत और कूटनीति ही सबसे बेहतर रास्ता है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram