वॉशिंगटन/ तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ बड़े हमले को फिलहाल टाल दिया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, टॉप मिलिट्री अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बड़ी कार्रवाई से अमेरिकी सेना के पास मौजूद पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का स्टॉक तेजी से घट सकता है।
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने सलाह दी कि बड़े अभियान से मिडिल-ईस्ट में तैनात अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1200 से ज्यादा पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें इस्तेमाल कर चुका था।
हालांकि ट्रम्प ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर सभी विकल्प खुले हैं। फिलहाल सैन्य कार्रवाई की बजाय अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाते हुए कारोबारी बाबेक जंजानी के नेटवर्क से जुड़ी 9 कंपनियों और 4 लोगों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं।
कुवैत का ईरान पर अमेरिकी हमले में शामिल होने से इनकार
कुवैत ने ईरान पर अमेरिकी हमलों में शामिल होने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। कुवैत सरकार ने कहा कि उसने ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य अभियान में हिस्सा नहीं लिया और न ही अपनी जमीन, हवाई क्षेत्र या समुद्री सीमा का इस्तेमाल हमले के लिए होने दिया।
यह सफाई वॉल स्ट्रीट जर्नल की उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान द्वारा खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में कुवैत और बहरीन ने भी ईरान के अंदर लड़ाकू विमान भेजे थे।
अमेरिका में कुवैत की राजदूत शेखा अल-जैन अल-सबा ने रिपोर्ट को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कुवैत ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा नहीं बना।
जॉर्डन में सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका की चिंता बढ़ी
हाल ही में जॉर्डन में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद चिंताएं और बढ़ गई हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले के दौरान एक बैलिस्टिक मिसाइल अमेरिकी सुरक्षा घेरे को भेदकर निकल गई थी। सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अभियान बढ़ाया गया, तो अमेरिकी सैनिक, खाड़ी देशों के सहयोगी और महत्वपूर्ण ठिकाने ईरानी जवाबी हमलों के प्रति असुरक्षित हो जाएंगे।
अमेरिका ने कल पहली बार रात में हमले नहीं किए
पिछले दो हफ्तों से जारी सैन्य तनाव के बीच शनिवार को पहली बार रात में कोई बमबारी नहीं हुई। इससे पहले लगातार 13 रातों तक अमेरिकी हवाई हमले हुए थे, जिसके जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया था। हालांकि, पेंटागन ने संभावित स्थिति को देखते हुए हाल के दिनों में मध्य पूर्व में अतिरिक्त सैन्य बल और हथियार भेजे हैं। सैन्य योजनाकार ऊर्जा सुविधाओं, परिवहन लाइनों और ईरान की पिकएक्स माउंटेन स्थित परमाणु सुविधा पर हमले के विकल्प भी तैयार कर रहे थे।
ईरान के सरकारी टीवी पर सेंसरशिप का आरोप, राष्ट्रपति का भाषण काटा
ईरान सरकार ने सरकारी टीवी IRIB पर राष्ट्रपति मसूद पजशकियान के भाषण का अहम हिस्सा सेंसर करने का आरोप लगाया है। गवर्नमेंट इन्फॉर्मेशन काउंसिल ने कहा कि राष्ट्रपति के उस बयान को प्रसारित नहीं किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सुप्रीम लीडर के निर्देश पर अमेरिका के साथ बातचीत शुरू की गई थी।
सरकार ने इसे सेंसरशिप बताते हुए कहा कि हाल के दिनों में सरकारी टीवी सरकार के शीर्ष नेताओं के बयानों के साथ भी ऐसा कर रहा है। वहीं, IRIB ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य देश के शीर्ष नेतृत्व के बीच किसी तरह के मतभेद का गलत संदेश जाने से रोकना है।
ईरान ने यूक्रेन के राजनयिक को किया तलब
ईरान ने कैस्पियन सागर में अपने व्यापारिक जहाज पर कथित हमले के विरोध में यूक्रेन के राजनयिक को तलब किया है। ईरान का आरोप है कि हमले में एक नाविक की मौत हुई और एक अन्य घायल हुआ। विदेश मंत्रालय ने इसे आक्रामक कार्रवाई बताते हुए कहा कि देश अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा करेगा।
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में ऐसे जहाजों को निशाना बनाया, जिनका इस्तेमाल ईरान से जुड़े सैन्य सामान की ढुलाई के लिए हो रहा था। हालांकि, उन्होंने ईरानी व्यापारिक जहाज पर हमले की सीधे पुष्टि नहीं की।
ईरान बोला- अमेरिका को भड़का रहा इजराइल
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजराइल पर अमेरिका को भड़काने का आरोप लगाया है। IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि इजराइल अमेरिकी राष्ट्रपति को झूठी जानकारी देकर ईरान के खिलाफ माहौल बना रहा है, ताकि अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी मौजूदगी बनाए रखे और इजराइल अपने रणनीतिक उद्देश्यों को अमेरिकी क्षमताओं के जरिए पूरा कर सके।
IRGC ने इजराइल को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने दोबारा युद्ध शुरू किया तो ईरान इसके जवाब में बड़ी तबाही लाएगा।




