वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी जंग के रुकने के आसार नजर आ रहे हैं। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिन की वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा प्लांट्स पर हमले के अपने आदेश को अगले पांच दिन तक रोकने के निर्देश दिए हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा अपडेट साझा किया है। सोशल साइट ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा- मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान ने पिछले दो दिनों में पश्चिम एशिया में हमारी शत्रुता के पूर्ण और समग्र समाधान के संबंध में बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत की है। ट्रंप ने आगे कहा कि इस बातचीत के बीच, जो पूरे सप्ताह जारी रहेंगी, मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि ईरानी ऊर्जा संयंत्रों और ऊर्जा संरचनाओं पर सभी सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया जाए, बशर्ते कि चल रही बैठकों और चर्चाओं का परिणाम सकारात्मक रहे।
‘दो दिनों में सकारात्मक और उत्पादक बातचीत’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा, ‘ईरान के साथ पिछले दो दिनों में बेहद सकारात्मक और उत्पादक बातचीत हुई है, जिसका मकसद मध्य पूर्व में जारी टकराव का पूर्ण समाधान निकालना है। चर्चाओं का ये दौर पूरे हफ्ते जारी रहेगा। दोनों देशों के बीच गहन और विस्तृत चर्चाओं के सकारात्मक रवैए को देखते हुए, ‘मैंने अमेरिकी रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य हमलों को फिलहाल पांच दिनों के लिए टाल दिया जाए।’
शांति वार्ता के लिए क्या किए गए प्रयास?
इससे पहले अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सिओस ने दावा किया था कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाला प्रशासन ईरान के साथ शांति वार्ता की संभावनाओं पर प्रारंभिक चर्चा शुरू कर चुका है। एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी और जानकार सूत्र के हवाले से इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 28 फरवरी से शुरू हुई जंग के बाद बीते तीन हफ्ते में वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कोई सीधा संपर्क नहीं हुआ है। हालांकि, मिस्र, कतर और ब्रिटेन ने दोनों पक्षों तक संदेश पहुंचाए हैं। शनिवार को आई एक्सिओस की इस रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी और दो अन्य जानकार सूत्रों के हवाले से लिखा, मिस्र और कतर ने अमेरिका के साथ-साथ इस्राइल को भी सूचित किया है कि ईरान बातचीत करना चाहता है।
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत का महत्व
पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के बीच यह संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। अमेरिका और ईरान के बीच दशकों से चले आ रहे मतभेदों और संघर्षों को देखते हुए, किसी भी प्रकार की सकारात्मक बातचीत को एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
पश्चिम एशिया में शांति की संभावना
पश्चिम एशिया क्षेत्र दशकों से अस्थिरता और संघर्ष का साक्षी रहा है। अमेरिका और ईरान दोनों ही इस क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाते हैं, और उनके बीच के संबंध इस क्षेत्र की शांति और स्थिरता को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। यदि यह कूटनीतिक पहल सफल होती है, तो इससे न केवल दोनों देशों के बीच तनाव कम होगा, बल्कि पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की संभावना भी बढ़ेगी।



