Home » ईरान युद्ध » अमेरिकी अधिकारियों से बिना मिले लौटे ईरानी विदेश मंत्री, बातचीत की शर्तें सौंपी

अमेरिकी अधिकारियों से बिना मिले लौटे ईरानी विदेश मंत्री, बातचीत की शर्तें सौंपी

तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार शाम इस्लामाबाद से अमेरिकी अधिकारियों से बिना मिले ही लौट गए। उन्होंने अपने दौरे के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आर्मी चीफ आसिम मुनीर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।

अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचने वाले थे। लेकिन अराघची उनसे मिले बिना ही रवाना हो गए। रवाना होते वक्त पाकिस्तानी अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट पर विदाई दी।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अराघची ने पाकिस्तान को ईरान की शर्तें और अमेरिकी मांगों पर अपनी आपत्तियां भी सौंप दी हैं। ईरान ने अमेरिका से सीधे बातचीत करने से इनकार कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने कहा कि ईरान अपनी बात पाकिस्तान के जरिए ही अमेरिका तक पहुंचाएगा।

ट्रम्प ने अमेरिकी अधिकारियों का पाकिस्तान दौरा रद्द किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान से बातचीत के लिए पाकिस्तान जाने वाले अपने अधिकारियों का दौरा रद्द कर दिया है।

फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर की 18 घंटे लंबी यात्रा रोक दी, क्योंकि इसका कोई खास फायदा नहीं था।

उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में अमेरिका मजबूत स्थिति में है और हमारे पास सारे पत्ते हैं। ट्रम्प के मुताबिक, ईरान जब चाहे अमेरिका से संपर्क कर सकता है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिकी टीम अब पाकिस्तान जाकर बिना नतीजे वाली बातचीत के लिए इंतजार नहीं करेगी।

इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान में बैठकों के बाद इस्लामाबाद से लौट चुके हैं।

जंग के बाद ईरानी हज यात्रियों का पहला जत्था मदीना पहुंचा

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग के बाद ईरान से हज यात्रियों का पहला जत्था सऊदी अरब के मदीना पहुंच गया है। यह जत्था मदीना के प्रिंस मोहम्मद बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर उतरा।

जंग के चलते कुछ समय तक यात्रा प्रभावित रही थी, लेकिन अब हालात सामान्य होने के साथ हज यात्रा फिर शुरू हो गई है। हर साल की तरह इस बार भी ईरान से बड़ी संख्या में लोग हज के लिए सऊदी अरब पहुंच रहे हैं।

ईरान बोला- अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो करारा जवाब देंगे

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रही तो वह करारा जवाब देगा।

ईरान के खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने कहा कि देश की सेना पहले से ज्यादा मजबूत और तैयार है और वह अपनी संप्रभुता, क्षेत्र और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है।

सैन्य कमान ने कहा कि इस थोपी गई जंग के दौरान देश ने अपनी ताकत और आक्रामक क्षमता का प्रदर्शन किया है। साथ ही ईरान ने यह भी कहा कि वह क्षेत्र में दुश्मनों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और रणनीतिक रूप से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नियंत्रित कर रहा है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram