Home » ईरान युद्ध » ईरान ने दी धमकी, कहा- ‘अमेरिका ने अटैक किया तो पूरे इलाके के एनर्जी ठिकानों को बनाएंगे निशाना’

ईरान ने दी धमकी, कहा- ‘अमेरिका ने अटैक किया तो पूरे इलाके के एनर्जी ठिकानों को बनाएंगे निशाना’

तेहरान। ईरान ने गल्फ देशों को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने उसके ऊर्जा ढांचे पर फिर हमला किया, तो वह पूरे इलाके के तेल ठिकानों, रिफाइनरियों, बिजली ग्रिड और दूसरे अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएगा।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सऊदी अरब, कतर, तुर्किये और पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से बात कर अमेरिका पर दबाव बनाने की अपील की, ताकि नया हमला टाला जा सके।

ईरान का कहना है कि वह अभी भी कूटनीतिक समाधान चाहता है, लेकिन अगर हमला हुआ तो जवाब पहले से ज्यादा बड़ा होगा। इसके बाद सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बात कर सैन्य कार्रवाई टालने और बातचीत जारी रखने की अपील की।

ट्रम्प बोले- मैं लोगों को मारना नहीं चाहता

ट्रम्प ने कहा है कि वे ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए सैन्य कार्रवाई के बजाय समझौते का रास्ता अपनाना पसंद करेंगे। बुधवार को लास वेगास में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “मैं लोगों को मारना नहीं चाहता, इसलिए मैं समझौता करना पसंद करूंगा।”

ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े हमले की तैयारी कर चुका था। उनके मुताबिक, इसी दौरान दूसरे पक्ष ने संपर्क कर कहा, “कृपया हमला मत कीजिए, आइए बातचीत करते हैं।” हालांकि, ट्रम्प ने यह भी कहा कि बाद में उसी पक्ष ने सार्वजनिक रूप से ऐसी किसी बातचीत से इनकार कर दिया।

ट्रम्प बोले- ईरान खुद बातचीत चाहता है, उनके लिए समझौता करना बेहतर

ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान खुद अमेरिका से बातचीत चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वार्ता में अच्छी प्रगति हुई है और समझौता जल्द हो सकता है।

फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रम्प ने कहा, “उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि बात करते हैं। वे बातचीत करना चाहते हैं। दिलचस्प बात यह है कि वे सार्वजनिक तौर पर इसका जिक्र नहीं करते।”

ट्रम्प ने कहा कि ईरान के लिए समझौता करना ही सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वे डील करेंगे। अब देखते हैं आगे क्या होता है।”

रिपोर्ट: अमेरिका-ईरान में होर्मुज डील जल्द संभव

ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर समझौता जल्द हो सकता है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि ओमान के साथ होर्मुज स्ट्रेट समझौते का मसौदा अंतिम चरण में है। वहीं ट्रम्प ने भी संकेत दिए हैं कि इस पर एक-दो दिन में घोषणा हो सकती है।

प्रस्तावित समझौते का उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल करना और क्षेत्रीय तनाव कम करना है। हालांकि सबसे बड़ा पेंच स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर है। ईरान चाहता है कि जहाज उसकी निगरानी वाले मार्ग से गुजरें, जबकि अमेरिका दुनिया के इस अहम ऊर्जा मार्ग पर ईरान का नियंत्रण स्वीकार करने को तैयार नहीं है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अगर समझौता होता है तो अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम समेत दूसरे मुद्दों पर बातचीत का रास्ता भी खुल सकता है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram