Home » ईरान युद्ध » ईरान ने F-35 के बाद अमेरिका के F-15 फाइटर जेट को होर्मुज के पास बनाया निशाना

ईरान ने F-35 के बाद अमेरिका के F-15 फाइटर जेट को होर्मुज के पास बनाया निशाना

तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज के पास अमेरिका के F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब पूरा मध्य पूर्व युद्ध की आग में झुलस रहा है। वैश्विक तेल आपूर्ति का सबसे बड़ा मार्ग यानी ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ रणक्षेत्र बना हुआ है।

वीडियो साक्ष्य के साथ पुख्ता होने का दम
ईरान के सरकारी मीडिया आउटलेट्स ने इस घटना का एक वीडियो भी जारी किया है। ईरानी ‘जॉइंट एयर डिफेंस कमांड’ के मुताबिक, उनके रडार ने दक्षिण तट के पास एक अज्ञात लड़ाकू विमान की पहचान की थी। चेतावनी के बावजूद जब विमान ने अपनी दिशा नहीं बदली, तो ईरानी मिसाइल ने उसे लॉक किया और ध्वस्त कर दिया। ईरान का कहना है कि अमेरिकी विमान सीधे तौर पर उनकी संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा था। जारी किए गए वीडियो में आसमान में एक जोरदार धमाका होता दिखाई दे रहा है।

युद्ध के मुहाने पर खड़ा खाड़ी क्षेत्र
बता दें कि फरवरी 2026 के अंत से ही ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच सीधा सैन्य टकराव जारी है। पिछले कुछ हफ्तों में तनाव इस कदर बढ़ा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की आवाजाही को बाधित किया गया, तो ईरान के बुनियादी ढांचे पर भीषण हमले किए जाएंगे। ईरान का यह ताजा पलटवार उसी चेतावनी का जवाब माना जा रहा है।

हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग ने अभी तक अपने किसी  F-15 विमान के गिरने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इससे पहले भी मार्च की शुरुआत में ईरान ने एक F-35 विमान को गिराने का दावा किया था। लेकिन अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया था।

बाजार और दुनिया पर असर
बता दें कि इस्राइल-अमेरिका और ईरान की जंग की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया। दुनिया के कुल तेल व्यापार का एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। अगर यह युद्ध और लंबा खिंचता है, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए यह एक बड़ा झटका होगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram