Home » कोरबा » कोरबा: अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, एक की करंट से गई जान तो दूसरे की मौत बनी पहेली

कोरबा: अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, एक की करंट से गई जान तो दूसरे की मौत बनी पहेली

कोरबा। कोरबा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक की करंट लगने से जान गई, जबकि दूसरे की घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हुई।

पहली घटना श्यांग थाना क्षेत्र के गिरारी गांव की है। 25 वर्षीय सुखसागर अपने पिता की मौत के बाद बूढ़ी मां का इकलौता सहारा था। वह खेती-किसानी कर घर चलाता था। उसकी शादी को 8 महीने हुए थे।

करंट की चपेट में आने से मौत

शाम को घर में अंधेरा था और उसकी पत्नी खाना बना रही थी। इसी दौरान सुखसागर बिजली ठीक कर रहा था और करंट की चपेट में आ गया।

परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो पर बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

इलाज के दौरान मौत

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव की है। 32 वर्षीय रामकुमार पटेल बरमपुर, कोरबा का रहने वाला था और ट्रैक्टर ड्राइवर था। वह ट्रैक्टर लेकर पहाड़ गांव गया था, लेकिन घर नहीं लौटा।

बयान के मुताबिक, रामकुमार नहर किनारे गुड़ाखू करने उतरा था। वहां गिरने से उसे गंभीर चोट आई। बाद में उसके बड़े भाई को पता चला कि रामकुमार जिला अस्पताल में भर्ती है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उसकी मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram