अल अमीरात। पाकिस्तान जीत के करीब था, भारत की उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं। 338 रन जैसे टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया 252 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी थी। पाकिस्तान को खिताब बचाने के लिए 51 बॉल पर सिर्फ 2 विकेट चाहिए थे, लेकिन तभी मोहित उल्वा ने ऐसी पारी खेली, जिसने मैच का नतीजा बदल दिया।
नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए मोहित ने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोक दिए। आखिरी ओवर में भारत को 8 रन चाहिए थे और हाथ में सिर्फ एक विकेट था। आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। मोहित ने गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर भारत को चैंपियन बना दिया।
अल अमीरात में इस जीत के साथ भारत ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग के 58 रन बनाए। इसके बाद मोहित ने मानल चौहान के साथ 57 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई। मानल के आउट होने के बाद चिगुरुपति वेंकट के साथ मोहित ने आखिरी विकेट के लिए 30 रन जोड़कर भारत को जीत दिला दी।
सहवाग ने सबसे ज्यादा रन बनाए
आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वे पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं। उन्होंने 5 मैचों में 361 रन बनाए।
नूर के नाम सबसे ज्यादा विकेट
अफगानिस्तान के नूर अली ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 4 मैच में 14 विकेट चटकाए। भारत के लिए ईशान सूद ने 4 मैच में 11 विकेट लिए।
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का प्रदर्शन खास नहीं रहा
भारत की अंडर-19 टीम में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी शामिल थे। हालांकि, पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला नहीं चला। अन्वय ने 5 मैचों में 3 पारियां खेलीं और कुल 41 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 19 रन रहा।
पीएम मोदी ने बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने X पर लिखा कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह शानदार दिन है। युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व है।




