Home » कोरबा » कोरबा: खेत में मिली नवजात बच्ची, रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग; जिला अस्पताल रेफर

कोरबा: खेत में मिली नवजात बच्ची, रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग; जिला अस्पताल रेफर

कोरबा। जिले के ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान के खेत में एक नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बच्ची को खेत में पड़ा देखा और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्ची धान की फसल के बीच पड़ी मिली थी। देर रात इसकी सूचना बांकीमोंगरा पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सत्यम साहू ने बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा। इसके बाद ग्रामीण नवजात को देर रात कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे।

 - Dainik Bhaskar

घटना की जानकारी मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस के प्रधान आरक्षक भी CHC पहुंचे और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को खेत में कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या वजह थी।

 - Dainik Bhaskar

कटघोरा BMO डॉ. रश्मि सिंह ने बताया कि नवजात बच्ची को सुबह करीब 4:10 बजे CHC लाया गया था। उसका प्राथमिक उपचार किया गया है। बच्ची की सांसें थोड़ी तेज चल रही थीं। CHC में उपचार की व्यवस्था है, लेकिन बच्ची के अज्ञात और लावारिस होने के कारण नियमानुसार बेहतर देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया जा रहा है।

CHC के डॉक्टरों के मुताबिक, शुरुआती जांच में बच्ची की हालत स्थिर है। उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात मिलने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले ग्राम कसरेंगा में एक नवजात बालक मिला था। वहीं दूसरी घटना में बांकीमोंगरा के मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे एक भ्रूण मिला था। अब जवाली-अभयपुर के धान के खेत में नवजात बच्ची मिलने की घटना सामने आई है।

फिलहाल पुलिस बच्ची के परिजनों का पता लगाने और उसे खेत में छोड़ने की वजह की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram