Home » कोरबा » कोरबा: चलती कार के बोनट पर लेटी और दरवाजे पर लटकी लड़कियां, गरबा ड्रेस में शूट किया VIDEO, कैप्शन लिखा- ‘घर में गाली खाने का जिगरा रखो’

कोरबा: चलती कार के बोनट पर लेटी और दरवाजे पर लटकी लड़कियां, गरबा ड्रेस में शूट किया VIDEO, कैप्शन लिखा- ‘घर में गाली खाने का जिगरा रखो’

कोरबा। कोरबा में चलती काली कार पर 3 लड़कियों ने स्टंटबाजी की। इसका वीडियो भी सामने आया है। गरबा ड्रेस पहनकर एक युवती कार के बोनट पर लेटी है, एक युवती दरवाजे पर लटककर और दूसरी सनरूफ से आधा शरीर बाहर निकालकर डांस कर रही हैं। मामला रविशंकर नगर इलाके का है।

युवतियों ने स्टंटबाजी का बाकायदा वीडियो शूट किया और ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। पोस्ट पर कैप्शन लिखा- ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’ पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

देखिये यह तस्वीरें…

गरबा ड्रेस पहनकर 3 लड़कियां कार पर स्टंटबाजी करती हुई। - Dainik Bhaskar
गरबा ड्रेस पहनकर 3 लड़कियां कार पर स्टंटबाजी करती हुई।
पोस्ट पर कैप्शन के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। - Dainik Bhaskar
पोस्ट पर कैप्शन के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया।
बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर डांस करती युवतियां। - Dainik Bhaskar
बोनट पर लेटकर और दरवाजे पर लटककर डांस करती युवतियां।

बोनट और दरवाजे पर लटकी दिखीं युवतियां

वीडियो मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है। नवरात्रि पर यहां सड़कों पर सजावट की गई है। वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती नजर आती है। एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो युवतियां कार के दरवाजे और सनरूफ से बाहर निकली दिखाई दे रही हैं।

कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज

तीनों चलती कार पर स्टंट करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने रील भी शूट की। वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा है। मामले में पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही, संबंधित युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कैप्शन लिखकर सोशल मीडिया पर डाला

वायरल वीडियो पर लिखा है, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।” वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। लोगों ने इस तरह के स्टंट को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

नंबर के आधार पर कार मालिक पर केस दर्ज

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक काले रंग की कार के बोनट, सनरूफ और दरवाजे पर तीन युवतियां थीं। कार चल रही थी और इस तरह खतरनाक परिस्थितियों में वाहन चलाकर लोगों की जान को जोखिम में डाला जा रहा था।

एएसपी के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। संबंधित युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की अपील- सड़क पर स्टंट से बचें

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही से खुद की जान के साथ दूसरे राहगीरों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है। खासकर त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही बढ़ने के कारण इस तरह का स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों और खतरनाक स्टंट के जोखिमों के बारे में लगातार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram