रायपुर। रायपुर में ठगों ने एक कंपनी के अधिकृत अधिकारी का मोबाइल नंबर क्लोन कर 2 करोड़ रुपए ठग लिए। ठगों ने अधिकारी के नंबर से कंपनी के अकाउंटेंट को वॉट्सऐप मैसेज भेजा और तत्काल रकम ट्रांसफर करने को कहा। अकाउंटेंट ने मैसेज को अधिकारी का निर्देश समझकर बताए गए बैंक खाते में 2 करोड़ रुपए भेज दिए। बाद में अधिकारी से बात हुई, तो उन्होंने ऐसा कोई मैसेज भेजने से इनकार कर दिया।
मामला वांकला केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के कॉर्पोरेट ऑफिस का है। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कंपनी के अधिकृत अधिकारी अंशुल शर्मा के नंबर से अकाउंटेंट बौरेश तिवारी को मैसेज मिला था। इसमें 2 करोड़ रुपए तत्काल ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे।
मैसेज पर भरोसा करके अकाउंटेंट ने बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा से आरटीजीएस के जरिए प्रयागराज स्थित एक बैंक खाते में रकम भेज दी। बाद में अंशुल शर्मा से संपर्क करने पर पता चला कि उन्होंने ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया था।
इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती तौर पर अधिकारी के नंबर की क्लोनिंग या वॉट्सऐप के अनधिकृत इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




