ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मृतक महेश की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की पहचान शेखर, सुनीता और सपना के रूप में हुई है. तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था.
आपको बता दें कि एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की जांच के दौरान मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी थी. इसमें मृतका की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन पर प्रताड़ित करने समेत गंभीर आरोप लगाए गए थे.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेखर, सुनीता और सपना को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
इस मामले में मौत से पहले मृतक महेश की ओर से कथित तौर पर छोड़े गए वॉइस नोट का भी जिक्र सामने आया था. परिवार की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
वहीं, मामले में ललिता के भाई और महेश के साले आकाश ने पुलिस को शिकायत दी है. आरोप है कि महेश की बहनों और जीजा ने उनकी मां को भड़काकर महेश और ललिता की संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास किया. शिकायत में महेश और उनकी पत्नी को प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया गया है.
इसके अलावा आकाश ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि नूडल्स में जहरीला पदार्थ मिलाकर महेश, ललिता और उनके बच्चों को दिया गया हो सकता है. हालांकि, यह फिलहाल शिकायतकर्ता की आशंका है. इसकी पुष्टि जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों से ही हो सकेगी.




