कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर लगभग 4 बजे डूमर कछार के पास एक चलते ट्रेलर में अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोककर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है।
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रेलर खाली था और कटघोरा से बिलासपुर की ओर जा रहा था। वाहन की गति काफी तेज थी।
आग लगने के बाद गाड़ी सड़क पर दौड़ती रही
अचानक गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसके बाद भी गाड़ी कुछ दूरी तक सड़क पर दौड़ती रही। राहगीरों ने ड्राइवर को आवाज देकर सतर्क किया, जिसके बाद ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई।
इस घटना के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।



