कोरबा। कोरबा- कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को छुरी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर का हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रेलर कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे थे। पीछे चल रहे ट्रेलर के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे वाले ट्रेलर को टक्कर मारी। हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर ड्राइवर समेत मौके से फरार हो गया, जबकि घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले यातायात को नियंत्रित किया और केबिन में फंसे हेल्पर को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू
आरक्षक भुवनेश्वर प्रजापति और 112 के चालक संगम श्रीवास्तव ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे तक मशक्कत की। हेल्पर को केबिन से निकालना आसान नहीं था, इसलिए पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दूसरी गाड़ी की मदद से टोचन कर ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचा।
केबिन से सुरक्षित निकाला गया हेल्पर
काफी मशक्कत के बाद हेल्फर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। घायल हेल्फर को तत्काल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घंटों जाम के बाद सामान्य हुआ यातायात
हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटवाया। करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।




