Home » कोरबा » कोरबा: बाइक सवार को रौंदते हुए मोबाइल दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार; नशे में धुत थे चालक समेत तीन सवार

कोरबा: बाइक सवार को रौंदते हुए मोबाइल दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार; नशे में धुत थे चालक समेत तीन सवार

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, प्रत्यक्षदर्शियों  के अनुसार  नशे में मदमस्त युवकों की एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। रफ्तार और नशे के जानलेवा कॉकटेल ने न सिर्फ एक बाइक सवार की जान जोखिम में डाली, बल्कि सोनालिया चौक स्थित एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचाया। गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से आक्रोशित भीड़ ने कानून हाथ में नहीं लिया।

रफ्तार का कहर और अनियंत्रित चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सफेद रंग की कार ट्रांसपोर्ट नगर से पुराने शहर की ओर बिजली की गति से आ रही थी। कार की लहरिया चाल और अत्यधिक स्पीड को देखकर सड़क पर चल रहे लोग पहले ही सहम गए थे। लोगों को अंदेशा हो गया था कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका है।

बाइक को घसीटा, दुकान में जा घुसी कार

अभी लोग कुछ समझ पाते या संभल पाते, इससे पहले ही अनियंत्रित कार ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक को धकेलते हुए सोनालिया चौक स्थित एक मोबाइल दुकान के शटर को तोड़कर अंदर जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

भीड़ का फूटा गुस्सा, पुलिस ने बचाया

हादसे के बाद कार में सवार तीन युवक नशे की हालत में बाहर निकले। स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था और वे युवकों की धुनाई करने ही वाले थे कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने ले गई।

शराब दुकान के पास मचा रहे थे उत्पात

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस कार से यह हादसा हुआ, वह पिछले आधे घंटे से सोनालिया चौक के पास तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। टीपी नगर क्षेत्र में भी शराब दुकान के पास इन युवकों ने उत्पात मचाया था। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची।

घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद युवकों को पकड़ा गया है और कोतवाली पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।

जांच और कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने वाहन को जब्त कर लिया है और युवकों का मुलाहिजा (मेडिकल टेस्ट) कराया जा रहा है ताकि खून में अल्कोहल की मात्रा की पुष्टि हो सके। दुकान संचालक को भी इस हादसे में काफी आर्थिक क्षति हुई है। पुलिस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram