Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ व जांजगीर-चांपा में IT की रेड; 16 टीमों की एक साथ दबिश

रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ व जांजगीर-चांपा में IT की रेड; 16 टीमों की एक साथ दबिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए 16 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार सुबह एक साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित कारोबारियों और प्रतिष्ठानों में हलचल मच गई।

बर्बरीक कंपनी के ठिकाने भी जांच के दायरे में

कार्रवाई में रायपुर और रायगढ़ स्थित बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। रायपुर में रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी छापेमारी की सूचना है। विभाग की टीमें संबंधित दस्तावेजों, कारोबारी लेनदेन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच

सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की इस कार्रवाई का दायरा कई जिलों तक फैला हुआ है। टीमों की ओर से संबंधित कारोबारियों के व्यावसायिक रिकॉर्ड, आय-व्यय के ब्योरे और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्रवाई में कितनी संपत्ति, नकदी या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी स्थिति

फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी किन-किन कारोबारियों और प्रतिष्ठानों तक सीमित है तथा जांच में कितनी कर चोरी का मामला सामने आता है, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस कार्रवाई से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram