Home » कोरबा » कोरबा: बोलेरो की टक्कर से मासूम समेत दो घायल, एक्टिवा और बाइक को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने की वाहन में तोड़फोड़

कोरबा: बोलेरो की टक्कर से मासूम समेत दो घायल, एक्टिवा और बाइक को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने की वाहन में तोड़फोड़

कोरबा । कोरबा में बुधवार की देर रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो ने कहर बरपाया। बुधवारी बायपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बोलेरो ने एक्टिवा और बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम बच्चे सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार बहुत तेज थी। चालक अचानक सामने आए एक्टिवा और बाइक सवार को संभाल नहीं पाया। जोरदार टक्कर से एक्टिवा सवार 10 साल का मासूम उछलकर दूर जा गिरा। बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायलों की हालत देखकर लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साई भीड़ ने बोलेरो वाहन में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। मानिकपुर पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
लोग वाहन में आग लगाने वाले थे। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही माहौल नियंत्रण में आया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसमें मासूम की हालत गंभीर है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो वाहन में एनसीसी कैडेट्स के जवान सवार थे। बुधवारी बायपास पेट्रोल टंकी के पास यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। अतिक्रमण के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करता।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram