कोरबा । सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया में 10 मई को सड़क किनारे झाड़ियों में मिली खून से सनी लाश के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जिसे पहले हत्या मानकर जांच कर रही थी, वह मामला अब आत्महत्या का निकला है। आज पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच में मृतक ने खुद पर वार कर जान देने की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जांच और बयान में पता चला कि बसंत पटेल मानसिक रूप से ठीक नहीं था। उसका इलाज भी चल रहा था। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कोई संदिग्ध गतिविधि या अन्य व्यक्ति की मौजूदगी नहीं दिखी। इससे आत्महत्या के सिद्धांत को बल मिला।
बसंत पटेल मूल रूप से मस्तूरी के सोनसरी गांव का निवासी था। पिछले तीन साल से वह कोरबा के सर्वमंगला बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था। वह औद्योगिक क्षेत्र स्थित संजय कारखाना में काम करता था। 9 मई सुबह 8 बजे वह कारखाना जाने के लिए घर से निकला था, पर रात तक वापस नहीं लौटा। 10 मई की सुबह उसकी लाश मिली थी।




