महासमुंद। चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन सुबह महासमुंद के खल्लारी मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में संचालित रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। 20 फीट ऊपर से ट्रॉली नीचे गिर गई। हादसे में करीब 5 से 6 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए रोप-वे ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। हादसे के बाद वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल, सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है।
घायलों में कुछ को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, महासमुंद रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और स्थिति को नियंत्रित किया।



