पुणे। 18 जून 2026 की एक धुंधली शाम। लोहागढ़ फोर्ट की चोटियों पर हवाएं तेज थीं। 26 साल का केतन अग्रवाल मुस्कुरा रहा था। जल्द उदयपुर के आलीशान पैलेस में उसकी शहनाई बजने वाली थी। शादी से ठीक पहले वह अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने और प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने यहां आया था। कैमरे क्लिक हो रहे थे। केतन मुस्कुराते हुए खाई की तरफ बढ़ा। अचानक एक जोरदार धक्का लगा। हवा में एक चीख गूंजी। केतन संभल पाता, उससे पहले वह 350 फीट गहरी खौफनाक खाई के सन्नाटे में विलीन हो चुका था।
केतन ने शादी से पहले सिया के लिए एक बेहद रोमांटिक बाली ट्रिप प्लान की थी। लेकिन सिया वहां नहीं, केतन को मौत के घाट पर ले जाना चाहती थी। दावा किया जाता है कि रास्ते में एक होटल के वॉशरुम में उसने चुपके से अपना ही पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया। बाहर आकर रोने का नाटक किया कि पासपोर्ट खो गया है। बाली ट्रिप कैंसिल हो गई। प्लान के मुताबिक, अब केतन को लोहागढ़ फोर्ट लाया गया।
14 जून को ही था निपटाने का प्लान
पुलिस के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल उनसे शादी नहीं करना चाहती थीं। आरोप है कि उन्होंने केतन से छुटकारा पाने की योजना बनाई और अपने प्रेमी की मदद ली। वह अपने जन्मदिन पर केतन को ट्रेकिंग के लिए लोहागढ़ ले गईं। मौका मिलते ही, उन्होंने कथित तौर पर चेतन की मदद से केतन को एक गहरी घाटी में धक्का दे दिया।एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सिया चेतन से प्यार करती थीं और दोनों साथ काम करते थे। जांच में हमें पता चला कि चेतन भी घटना वाली जगह पर मौजूद था और दोनों आरोपियों ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है। आरोपी हिरासत में हैं।
केतन के पिता ने क्या-क्या?
दूसरी ओर केतन अग्रवाल के पिता ने कहा कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल सगाई फरवरी में हुई थी। वे छह तारीख को बाली जा रहे थे, चार लोग एक साथ बाली जा रहे थे, लेकिन सिर्फ केतन का पासपोर्ट चोरी हो गया। इस वजह से वह जा नहीं पाए और उन्हें एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा।उन्होंने आगे कहा कि चेतन चौधरी दो-पहिया वाहन से लोहागढ़ किले पर पहुंचे। वे दोनों एक साथ ऊपर गए, केतन विशाल अग्रवाल पर किसी चीज से हमला किया और उन्हें ऊपर से नीचे फेंक दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बहुत मदद की और मामले को बहुत तेजी से सुलझाया। स्थानीय ग्रामीण एसपी, संदीप सिंह गिल ने बहुत अच्छा सहयोग दिया; उन्होंने तुरंत हमें जानकारी दी और दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चेतन चौधरी को कल रात गिरफ्तार किया गया और सिया को आज सुबह गिरफ्तार किया गया। अब उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
केतन के पिता ने यह भी कहा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो वह बस मना कर सकती थी; हम तुरंत शादी रद्द कर देते। उन्होंने इतना बड़ा और खतरनाक कदम उठाने का फैसला क्यों किया? उनकी सोच कैसी है? उनकी सोच इतनी क्रूर है कि किसी के 26 साल के बेटे की जान ले ली गई…समाज को ऐसी क्रूर सोच पर ध्यान देने की ज़रूरत है। यह सोच कहां से आती है, उनके परिवार से, उनकी परवरिश से?
केतन की हत्या के बाद मंगेतर सिया का भावुक पोस्ट
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि केतन की मौत की खबर सामने आने के बाद, उसकी मंगेतर सिया ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है। सिया का यह इंस्टाग्राम स्टेटस अब पुलिस की तफ्तीश का हिस्सा बन चुका है और पुलिस ने इसका स्क्रीनशॉट अपनी जांच में शामिल कर लिया है।सिया ने लिखा, ‘तुमने मुझे मेरे जन्मदिन के दिन ही छोड़ दिया। तुम तब गए जब हम शादी करने के बेहद करीब थे। मुझे अभी तक समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मेरे कुछ सपने थे, कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो मुझे छोड़कर क्यों चले गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।’
सिया ने इस पोस्ट के आखिर में हिंदी में एक बेहद दर्दभरी लाइन भी लिखी, ‘मेरे दिल को पता है कि तू यही है। वापस आजा।’ पुलिस अब इस पोस्ट और वीडियो के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।



