कोरिया। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात दंतैल हाथी ने सड़क निर्माण में लगे दो मजदूरों पर हमला कर उन्हें मार डाला। दोनों मजदूर रात को सड़क किनारे सो रहे थे। हाथी के हमले में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दूसरे ने हॉस्पिटल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मामला सोनहत वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के रामगढ़ से कोटाडोल तक 27 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सड़क निर्माण में काम करने वाले दो युवक गौरव (22 वर्ष) पिता पूरन और अमर सिंह (35 वर्ष) पिता जयकरण देवसील बस्ती के आगे सड़क किनारे सो रहे थे। रात करीब 11.30 बजे एक दंतैल हाथी मौके पर पहुंचा और उसने दोनों पर हमला कर दिया।
अन्य मजदूरों ने भागकर बचाई जान, इलाके में दशहत हाथी के हमले के दौरान पास ही अन्य मजदूर भी मौजूद थे, जिन्होंने भागकर जान बचाई। हमले की सूचना पर वनविभाग की टीम और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंचे। हाथी के हमले में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह को सोनहत लाया जा रहा था, रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
दोनों मृतक ग्राम नगर के निवासी बताए गए हैं, जो निर्माण कार्य में काम करने के लिए गए थे। हाथी की मौजूदगी को लेकर वनविभाग ने आसपास के इलाके में लोगों को सतर्क कर दिया है। सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को भी सतर्क रहने कहा गया है।
बताया गया है कि दोनों युवक पर हमला करने वाला दंतैल हाथी दल से अलग होकर विचरण कर रहा है। एक पखवाड़े पूर्व उक्त हाथी ने ग्राम सूकतरा निवासी सोनेलाल उम्र 50 वर्ष को कुचलकर मार डाला था। सोनेलाल जंगल में बकरी चराने गया था। दूसरे दिन सुबह उसकी क्षत विक्षत लाश मिली थी।
परिजनों को हमले की सूचना दे दी गई है। वनविभाग ने दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। रेंजर राजाराम ने बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र पिछले कुछ दिनों 8 हाथियों का दल घूम रहा है। जिनमें से एक हाथी दल से बिछड़ गया है। उक्त बिछड़े दंतैल ने ही दो मजदूरों पर हमला किया है।




