Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में होगी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा; कोरबा में एनीकट में बहा किशोर, तलाश जारी

छत्तीसगढ़: अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में होगी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा; कोरबा में एनीकट में बहा किशोर, तलाश जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिमी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।

इधर, कोरबा जिले में हसदेव नदी में नहाते समय 15 साल का किशोर तेज बहाव में बह गया। घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल की है। वह एनीकट में नहा रहा था, तभी पानी के तेज बहाव में बह गया। एनीकट पर मौजूद लोगों ने उसे बहते देखा तो अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

कोरबा की हसदेव नदी में 15 साल का नाबालिग नहाते समय बह गया। - Dainik Bhaskar
कोरबा की हसदेव नदी में 15 साल का नाबालिग नहाते समय बह गया।

इन इलाकों में भी हुई अच्छी बारिश

जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 40-40 मिमी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी-टुंड्रा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवां, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर, रघुनाथनगर में 30-30 मिमी बारिश हुई।

बोडरी, बसना, लवन, शंकरगढ़, पटना, सकरी, चलगली, कुकदूर, कसडोल, पिथौरा, पचपेड़ी, बोड़ला और लखनपुर में 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में इससे कम बारिश हुई।

1 जून से 3 सितंबर तक प्रदेश में 2% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 3 सितंबर तक औसतन 944.7 मिमी (37.2 इंच) बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 962.6 मिमी (37.9 इंच) मानी गई है। यानी प्रदेश में सामान्य से 17.9 मिमी (0.7 इंच) कम बारिश हुई है।

हालांकि, यह पूरे प्रदेश का औसत आंकड़ा है। जिलों को अलग-अलग देखें तो बारिश में काफी अंतर है। बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1433.1 मिमी (56.4 इंच) बारिश हुई, जो सामान्य से 75% ज्यादा है। वहीं बेमेतरा में सबसे कम 536.7 मिमी (21.1 इंच) बारिश हुई, जो सामान्य से 39% कम है। दोनों जिलों के बीच 896.4 मिमी (35.3 इंच) का अंतर है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

दो दिन जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक आज (शुक्रवार) प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

अगले दो दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। उत्तर और मध्य-पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना ज्यादा है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश की एक्टिविटी कम हो सकती है।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, एक-दो दौर बारिश के आसार

रायपुर शहर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram