रायपुर । बंगाल और ओडिशा में बने सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। हालांकि कल (31 जुलाई) से प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर रायपुर संभाग में रहा, जबकि सरगुजा, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
उधर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लाट नाले में बहे दंपती का शव चार दिन बाद मिला। 26 जुलाई को कार से उफनते नाले को पार करने के दौरान दोनों तेज बहाव में बह गए थे। बुधवार को घटनास्थल से करीब 3 किमी दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके अंदर दोनों के शव बरामद हुए।
राजनांदगांव सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
अगले दो दिन का पूर्वानुमान
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
रायपुर का मौसम
आज (30 जुलाई) रायपुर में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उफनते नाले में बहा अधेड़
लगातार बारिश के बीच गरियाबंद में उफनते सरगी नाले को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बह गया। लोगों के मुताबिक वह नशे में था। करीब 5 किमी दूर खुटेरी गांव में उसका शव मिला।
इसके अलावा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र के दमाऊधारा में लापता युवक का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। दुर्ग-भिलाई का रहने वाला प्रतीक कंवर (20) मंगलवार को दोस्तों के साथ घूमने आया था। इसी दौरान झरने के तेज बहाव में बह गया। करीब 24 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसकी लाश मिली।
अब तक 12% कम बरसा पानी
छत्तीसगढ़ में मानसून का प्रदर्शन इस बार जिलों के हिसाब से काफी असमान रहा है। 1 जून से 29 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, पूरे राज्य में औसत 477.8 मिमी (18.8 इंच) बारिश हुई है। जबकि सामान्य बारिश 544.6 मिमी (21.4 इंच) होनी चाहिए थी।
यानी पूरे प्रदेश में 12% की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मानकों के अनुसार यह ‘सामान्य’ श्रेणी में आता है। भले ही राज्य का औसत सामान्य दिख रहा है, लेकिन जिले स्तर पर तस्वीर पूरी तरह अलग है। कहीं सामान्य से 76% अधिक बारिश हुई है तो कहीं 50% तक की कमी दर्ज की गई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक बारिश वाला जिला
इस सीजन में अब तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा। यहां 769.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 76% अधिक है। यह प्रदेश का इकलौता जिला है, जहां बहुत अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई।
एक-तिहाई जिले अभी भी सामान्य बारिश से काफी पीछे
33 जिलों के आंकड़ों पर नजर डाले तो 1 जिले में सामान्य से 60 प्रतिशत से अधिक अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई। 5 जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। 16 जिलों में वर्षा सामान्य श्रेणी में रही।
11 जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। किसी भी जिले में सामान्य से 60 प्रतिशत या उससे अधिक वर्षा की कमी नहीं रही।
रायपुर संभाग ने संभाला राज्य का औसत
हाल के दिनों में रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, जांजगीर, बालौदा बाजार और आसपास के जिलों में हुई लगातार भारी बारिश ने राज्य की औसत बारिश को बेहतर बनाया है। अगर मध्य छत्तीसगढ़ में तेज बारिश नहीं होती, तो पूरे प्रदेश की मौसमी वर्षा सामान्य से कहीं अधिक कम रहती।
आगे क्या?
मौसम विभाग के अनुसार, हाल में सक्रिय रहे डीप डिप्रेशन के कारण मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हुई, लेकिन इसके पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।
ऐसे में जिन जिलों में अब भी 30 से 50 प्रतिशत तक वर्षा की कमी है, वहां आने वाले अगस्त के मानसून पर नजर रहेगी। अगले कुछ सप्ताह में अच्छी बारिश नहीं हुई, तो इन जिलों में वर्षा घाटा और बढ़ सकता है।




