Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: अज्ञात-वाहन की टक्कर से बाइक सवार 2 की मौत; उधर तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, चालक घायल

छत्तीसगढ़: अज्ञात-वाहन की टक्कर से बाइक सवार 2 की मौत; उधर तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, चालक घायल

सरगुजा। जिले में नेशनल हाईवे-43 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार नाबालिग समेत 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों शादी से लौट रहे थे। वहीं, एक और हादसे में नेशनल हाईवे-130 अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार खाई में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर को चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलसिला निवासी विकास टोप्पो (17) गांव के ही विकेश एक्का के साथ बाइक से शादी में शामिल होने के लिए लमगांव गया था। दोनों रात करीब 9 बजे घर लौट रहे थे। लमगांव के खालपारा के पास नेशनल हाईवे-43 पर अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

एक की मौके पर, दूसरे की अस्पताल में मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक चला रहे विकेश एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठे विकास टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर पंकज पटेल ने उन्हें पहचान लिया और सूचना परिजनों को दी। दोनों को तत्काल रघुनाथपुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विकेश को मृत घोषित कर दिया और विकास को अंबिकापुर रेफर कर दिया।

विकास टोप्पो को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में गंभीर स्थिति के कारण तत्काल रायपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे रायपुर के बजाय मिशन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर में उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर लुण्ड्रा पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद वाहन का चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला था।

खाई में गिरी कार, चालक गंभीर

वहीं, मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर लखनपुर के पास बेकाबू होकर 40 फीट नीचे खाई में जा गिरी। कार ड्राइवर मूलतः उत्तरप्रदेश का भदोही निवासी अभिषेक पांडेय रायपुर से यूपी जाने के लिए निकला था। कुंवरपुर बांध के मोड़ पर सुबह कार पर वह नियंत्रण नहीं रख पाया और कार समेत नीचे गिर गया।

स्थानीय लोगों ने कार सवार को बाहर निकाला और उसे हॉस्पिटल पहुंचाया। कार के सभी एयरबैग खुलने के कारण उसकी जान बच गई। हॉस्पिटल से घायल को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया गया है। हादसे में कार के चारों चक्के ऊपर हो गए हैं और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram