Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: अब भाजपा और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ खोला मोर्चा; मीम और कार्टून पोस्ट किए

छत्तीसगढ़: अब भाजपा और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ खोला मोर्चा; मीम और कार्टून पोस्ट किए

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना पर मंगलवार को हुई खुली बहस का असर डिबेट खत्म होने के बाद भी जारी रहा। दोनों नेताओं की बहस के बाद भाजपा और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

कांग्रेस ने विजय शर्मा का कार्टून बनाकर पोस्ट किया, तो भाजपा ने भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए मीम और पोस्ट जारी किए। दोनों दलों के समर्थकों ने भी इन पोस्ट को आगे बढ़ाया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं को लेकर राजनीतिक टिप्पणियों के साथ मीम और कार्टून पोस्ट किए गए।

डिबेट के पहले और बाद भी रही गहमागहमी

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच खुली बहस हुई। डिबेट से पहले और खत्म होने के बाद रायपुर प्रेस क्लब के अंदर और बाहर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।

थोड़ा गणित भी सीखना था: भाजपा

भाजपा छत्तीसगढ़ ने सोशल मीडिया पर भूपेश बघेल को निशाना बनाते हुए लिखा- “भ्रष्टाचार, धांधली और घूसखोरी के अलावा थोड़ा गणित भी सीखना था भूपेश जी।” दूसरे पोस्ट में भाजपा ने कहा- आज क्षमायाचना का दिन भी है। भूपेश बघेल को 18 लाख से अधिक परिवारों को आवास से वंचित रखने के लिए माफी मांग लेना चाहिए।

दावे की हवा निकली: कांग्रेस

कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने भाजपा और विजय शर्मा पर पलटवार करते हुए पोस्ट किया- 18 लाख आवास का ढोल पीटते रहे, अब विजय शर्मा ने ही भाजपा के झूठ की हवा निकाल दी… प्रचार की आड़ में सच्चाई छिपाना बंद करो…। दूसरे पोस्ट में कहा- बताया था स्वीकृत, सवाल हुआ तो निकला संकल्प। पोस्टर वाली सरकार की हवा निकल गई।

शर्मा का पलटवार– पीएम आवास से वंचित रखा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का सोशल मीडिया पोस्ट- छत्तीसगढ़ के गरीबों के आवास पर राजनीति करने वाले भूपेश उर्फ बड़ा घोटाला को आवास के आंकड़े पता ही नही है। जाने कैसे चली और किसने चलाई थी सरकार। बड़ा घोटाला उर्फ भूपेश ने स्वीकारा, उनके कार्यकाल में गलत हुआ जनता ने उनको उसकी सजा दी।

एक पोस्ट में लिखा- क्रोनोलॉजी सम​झिए, कैसे भूपेश बघेल की सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को पीएम आवास से वंचित रखा।

बघेल ने कहा– आवास का दावा झूठ निकला

भूपेश बघेल का सोशल मीडिया पोस्ट- अगली बार किसी समझदार को भेजना, ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।” बघेल ने एक पोस्ट में कहा कि पीएम आवास पर झूठों को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार कर लिया है- 1. 2023 में भाजपा सरकार ने 18 लाख नए पीएम आवास का जो दावा किया था वो झूठ है। 2. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अपने तीन दौरों पर जो लगभग 10 लाख प्रधानमंत्री आवास का दावा किया था, वह भी झूठ है।

खुली बहस में बघेल का झूठ बेनकाब: देवलाल

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित खुली बहस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के झूठे दावों की कलई पूरी तरह खुल चुकी है।

जनता के सामने हुई इस खुली डिबेट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ठोस तथ्यों और प्रमाणों के साथ भूपेश बघेल को निरुत्तर कर दिया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में 18 लाख परिवारों को जानबूझकर आवास से वंचित किया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram