Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: आज से मानसून फिर एक्टिव, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट, अगले 48 घंटों में झमाझम बारिश के आसार

छत्तीसगढ़: आज से मानसून फिर एक्टिव, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट, अगले 48 घंटों में झमाझम बारिश के आसार

रायपुर। प्रदेश में मानसून फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन बारिश की रफ्तार अभी तक अपेक्षित नहीं पकड़ सकी है। सोमवार को केवल एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। दूसरी ओर राजधानी समेत कई जिलों में बादलों के बावजूद उमस और गर्मी बनी रही।

4 अगस्त से पूरे प्रदेश में वर्षा में आएगी तेजी

मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त से पूरे प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी। अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी तंत्र सक्रिय होने से अगले दो दिनों में वर्षा का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में गर्मी बरकरार, बारिश का इंतजार

रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई, जिससे उमस लोगों को परेशान करती रही।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को राजधानी में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बलरामपुर सबसे अधिक भीगा

पिछले 24 घंटों में बलरामपुर जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। रघुनाथनगर में 80 मिलीमीटर, वाड्रफनगर में 70 मिलीमीटर तथा खड़गांव में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। रामानुजगंज और रामचंद्रपुर में 40-40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश ही हुई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।

अगले दो दिन बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वर्तमान में मानसून द्रोणिका उत्तर भारत से होकर गुजर रही है, जिसके सक्रिय होने का असर छत्तीसगढ़ पर भी दिखाई देगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram