श्रीनगर। आतंकियों ने एक बार फिर कायराना हरकत करते हुए शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों को गोली मार दी। हमले में दोनों श्रमिकों की मौत हो गई।
वहीं, हमले के बाद भाग निकले आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हमले की जिम्मेदारी लश्कर के मुखौटा संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने लेते हुए आने वाले दिनों में ऐसे और हमले करने की धमकी दी है।
श्रमिकों से पूछा नाम फिर मारी गोलियां
शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे कुलगाम के केलम क्षेत्र में दो आतंकी एक ईंट भट्ठा-77 पर आ धमके। आतंकियों ने वहां काम करने वाले दो श्रमिकों से पहले कथित तौर पर उनका नाम पूछा और फिर उनपर नजदीक से गोलियां बरसाईं। दोनों श्रमिक वहीं पास ही किराये के मकान में रहते थे।

गोली लगने से दोनों जमीन पर गिर पड़े और उन्हें मरा समझकर आतंकी वहां से भाग निकले। आतंकियों के जाने के बाद खून से लथपथ श्रमिकों को उनके साथियों ने स्थानीय लोगों की मदद से अनंतनाग के मेडिकल कालेज (जीएमसी) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने घायल श्रमिक (24) दीपक रातरे पुत्र उमा शंकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल श्रमिक (28) भूपेंद्र पुत्र दशरथ को भी देर रात मृत घोषित कर दिया गया।




