Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: कोरबा समेत 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, राजधानी में पारा 45.7°C; इस बीच आंधी-बारिश की भी संभावना

छत्तीसगढ़: कोरबा समेत 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, राजधानी में पारा 45.7°C; इस बीच आंधी-बारिश की भी संभावना

रायपुर । प्रदेश के 20 जिलों में अगले 3 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट है। 26 से 28 मई तक सेंट्रल और साउथ के कुछ इलाकों में लू का सबसे ज्यादा असर रहेगा। इसी बीच मौसम विभाग ने आंधी-बारिश की भी संभावना जताई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। राजनांदगांव जिला 46.5°C तापमान के साथ सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहीं, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर शहर में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में पारा 45.7°C तक पहुंच गया है।

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

हीटवेव बिलासपुर, रायगढ़, सरंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, रायपुर, बालोदाबाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में चलने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में बना रहेगा लू का असर

सोमवार (25 मई) से नौतपा की शुरुआत हुई। ज्योतिष और मौसम के लिहाज से यह साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के शुरुआती दिनों में छत्तीसगढ़ में तेज धूप और लू का असर बना रहेगा। खासकर रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद और आसपास के जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

बिहार से आंध्र प्रदेश तक एक्टिव है सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, साउथ बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है।

जो झारखंड और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।

हल्की बारिश और तेज हवा की संभावना

छत्तीसगढ़ में 26 से 29 मई तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। वहीं कुछ इलाकों में लू का असर बना रह सकता है।

रायपुर में आसमान रहेगा साफ

राजधानी रायपुर में 26 मई को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

लोगों को सावधानी की सलाह

तेज गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की अपील भी की गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram