Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: तूफान अकवान से बदला मौसम, कोरबा समेत 11 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; चलेंगी तेज हवाएं

छत्तीसगढ़: तूफान अकवान से बदला मौसम, कोरबा समेत 11 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; चलेंगी तेज हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखने लगा है। रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद मौसम बदला। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने से शहर में कुछ जगह लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

अलर्ट वाले जिलों में रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।

रायपुर में रात के वक्त अलाव जलाकर आग तापते नजर आए लोग। - Dainik Bhaskar
रायपुर में रात के वक्त अलाव जलाकर आग तापते नजर आए लोग।
रायपुर में मौसम बदला और देर रात बूंदाबांदी हुई। - Dainik Bhaskar
रायपुर में मौसम बदला और देर रात बूंदाबांदी हुई।

बंगाल की खाड़ी में बना है चक्रवाती तूफान

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ आज दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है।

इस दौरान 90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश में क स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा।

इस तरह दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री और सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram