रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी दोनों जारी की है। रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल बन चुकी हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना है।
रायपुर का माना सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे शीतल
वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। इस सिस्टम के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुसमी में 7 सेमी और कापू में 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान रायपुर (माना) में सर्वाधिक तापमान 42.6°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम 23.2°C न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के लिए राज्य में अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में भी आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने की संभावना है।
इन जिलों में रहें सावधान
जशपुर, रायगढ़, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के एकांत स्थानों पर मध्यम गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है। बस्तर, बीजापुर, जांजगीर, रायपुर, कोरबा, बिलासपुर, महासमुंद, गरियाबंद, बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और बलौदाबाजार में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया गया है।
रायपुर में 42 तक रहेगा पारा
कल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। रायपुर में अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 29°C रहने का अनुमान है। दो दिनों बाद भी गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।




