रायपुर । प्रदेश में आज भी बारिश का अलर्ट है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन तक कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक सामान्य से सिर्फ 6% कम बारिश हुई है।
बारिश के बीच बिलासपुर के मल्हार में लीलगार नदी पार करते समय दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में फंस गए। मनाडेरा के मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट ने लकड़ी की मदद से दोनों को बाहर निकाला। समय रहते मदद मिलने से दोनों की जान बच गई। एसएसपी ने तीनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं, मनेंद्रगढ़ में जनकपुर के पास गोहड़ारी नदी की करीब 50 साल पुरानी पुलिया तेज बहाव में डैमेज हो गई। खंभे टूटने से पुलिया का करीब 70% हिस्सा खराब हुआ है। भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
आज कई हिस्सों में हल्की, कहीं भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (शनिवार) प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
अगले दो दिनों में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।
रायपुर में गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें
रायपुर में आज (22 अगस्त) गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस तापमान पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।




