Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 7 दिनों तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी

छत्तीसगढ़: प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 7 दिनों तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। प्रदेश में आज (27 जून) से पानी गिरने की रफ्तार बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल मानसून प्रदेश के करीब 80% हिस्से को कवर कर चुका है, 3 से 4 दिनों में मानसून राज्य के बाकी हिस्सों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा।

आने वाले 7 दिनों तक प्रदेश में लगातार बादल बरसेंगे और गरज-चमक बनी रहेगी। पिछले 24 घंटे में भी कई जगहों पर हल्की फुल्की फुहारें पड़ी हैं। अगले दो दिन लगातार होने वाली इस बारिश से उमस से राहत मिलेगी और मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।

बिलासपुर में पारा सर्वाधिक पेंड्रा सबसे शीतल
बीते दिन प्रदेश में बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.1°C दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.8°C रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो सन्ना में 3 सेमी, शंकरगढ़, दाढ़ी, जनकपुर भरतपुर और पिपरिया में 2 सेमी, तथा कवर्धा व लालपुर थाना में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर के मेघमय रहने की संभावना
राजधानी रायपुर में भी मौसम बदला हुआ है। 27 जून को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram