जगदलपुर। बाफना हाउस में 21 साल की युवती का शव फंदे से लटका मिला था। अब इस मामले में परिवार वालों ने रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।
उनका दावा है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। युवती की चाची के मुताबिक अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए थे।
चाची के मुताबिक, प्राइवेट पार्ट के पास सूजन थी और वहां रुई भी मिली थी। इन आरोपों के बाद परिवार और वार्ड के लोगों में आक्रोश है। मंगलवार को लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली और न्याय की मांग की।
आक्रोशित भीड़ बाफना हाउस पहुंची और बाहर रखे गमले तोड़ दिए। परिजनों ने बाफना हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से जगदलपुर के बाफना हाउस में काम करने जा रही थी। यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है। पेरेंट्स के मुताबिक, यह बाफना हाउस पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष बाफना का है।
2 दिन पहले यानी 2 नवंबर को बाफना हाउस में युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था। चुन्नी का आधा हिस्सा लटक रहा था।
घटना के बाद से ही परिजन युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने रेप के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
शाम को फोन पर हुई बात, रात तक घर नहीं लौटी
मौसी के मुताबिक, शव मिलने से 1 दिन पहले शाम करीब 6 से 6:30 बजे युवती की परिजनों से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करूंगी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों का कहना है कि रात करीब 9:30 बजे तक युवती घर नहीं पहुंची तो उन्होंने स्टाफ से जानकारी ली। स्टाफ ने बताया कि वह शाम करीब 6:30 बजे से गायब है और उसका मोबाइल शॉप में ही छूट गया है। इसके बाद स्टाफ के लोग मोबाइल लेकर घर पहुंचे।
परिजन बाफना हाउस पहुंचे, लेकिन शॉप बंद मिला। अगले दिन यानी 2 नवंबर की सुबह वे दोबारा वहां पहुंचे। ऊपर जाकर देखा तो युवती का शव फंदे से लटका मिला।
चाची का आरोप- शरीर पर चोट के निशान, प्राइवेट पार्ट में मिली रुई
युवती की चाची ने आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार से पहले जब परिवार के लोग शव को नहला रहे थे, तब शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए।
उनके मुताबिक, प्राइवेट पार्ट के पास सूजन थी और वहां रुई भी मिली थी। चाची ने आशंका जताई कि युवती के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई और फिर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
परिजनों ने शॉप में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के समय वहां कौन मौजूद था, युवती के साथ आखिरी बार क्या हुआ और वह शाम करीब 6:30 बजे से कहां थी, इन सभी बिंदुओं की जांच होनी चाहिए।
परिवार ने जताई मामला दबाने की आशंका
परिजनों का कहना है कि बाफना हाउस पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना का है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि प्रभावशाली व्यक्ति का शॉप होने के कारण मामले को दबाया जा सकता है।
परिवार का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी को खो दिया है और अब उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए। उन्होंने पुलिस से बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
पूर्व विधायक संतोष बाफना से नहीं मिल सका पक्ष
हालांकि, इस मामले में पूर्व विधायक संतोष बाफना का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
प्रदर्शन के दौरान गमले तोड़े, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मंगलवार को परिजनों और वार्ड के लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली। रैली बाफना हाउस पहुंची, जहां लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने प्रतिष्ठान के बाहर रखे गमले तोड़ दिए। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस बोली- पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पुलिस को बाफना हाउस में एक युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि जिस चुन्नी से फंदा बनाया गया था, वह टूट चुका था और शव जमीन पर पड़ा था।
इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




