रायपुर। प्रदेश में बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ गया है। पिछले 24 घंटे में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
पिछले 24 घंटे में लोरमी, दरीमा और कुमर्दा में सबसे ज्यादा 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। अब तक सीजन में प्रदेश में सामान्य से 3% कम बारिश हुई है।
जिलेवार बारिश की बात करें तो बलरामपुर सबसे ज्यादा भीगा है। यहां सामान्य से 75% ज्यादा बारिश हुई है, जबकि बेमेतरा में सबसे कम पानी बरसा है और यहां सामान्य से 39% कम बारिश दर्ज की गई है।
वहीं तापमान की बात करें तो शुक्रवार को जगदलपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, एक-दो दौर बारिश
रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में अब तक बारिश की स्थिति
सीजनल बारिश की बात करें तो छत्तीसगढ़ में सामान्य से 2% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना जताई है।
बलरामपुर में 75% ज्यादा, बेमेतरा में 39% कम बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 5 सितंबर तक मानसून की बारिश का आंकड़ा भले ही सामान्य से सिर्फ 2% कम है, लेकिन जिलेवार तस्वीर काफी अलग है। प्रदेश में कहीं बारिश ने कमी का रिकॉर्ड बनाया है तो कहीं सामान्य से बहुत ज्यादा पानी गिरा है।
सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में 1433.1 मिमी (56.42 इंच) दर्ज की गई है, जो सामान्य से 75% ज्यादा है। दूसरी ओर बेमेतरा में सिर्फ 536.7 मिमी (21.13 इंच) बारिश हुई, जो सामान्य से 39% कम है।
यानी प्रदेश के सबसे ज्यादा और सबसे कम बारिश वाले इन दो जिलों के बीच करीब 896.4 मिमी (35.29 इंच) बारिश का अंतर है।
प्रदेश में कुल बारिश की तस्वीर
1 जून से 3 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसत बारिश 944.7 मिमी (37.19 इंच) हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 962.6 मिमी (37.90 इंच) मानी गई है। इस हिसाब से प्रदेश में बारिश 17.9 मिमी (0.70 इंच) कम, यानी 2% कम है।
लेकिन यह आंकड़ा पूरे प्रदेश का औसत है। जिलों को अलग-अलग देखें तो तस्वीर काफी बदल जाती है।
33 जिलों में:
- 7 जिलों में सामान्य से 20% या उससे ज्यादा बारिश हुई।
- 4 जिले ऐसे हैं जहां बारिश 20% से ज्यादा कम रही।
- 22 जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में है।
यानी राज्य की कुल बारिश सामान्य के आसपास है, लेकिन कई जिलों में बारिश का बैलेंस बिगड़ा हुआ है




