Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति को करंट लगाकर तड़पा-तड़पा कर मार-डाला, 1 साल बाद पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति को करंट लगाकर तड़पा-तड़पा कर मार-डाला, 1 साल बाद पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

कांकेर। कांकेर जिले में एक साल पहले हुई मुकेश विश्वास की मौत कोई सामान्य हादसा या खुदकुशी नहीं थी, बल्कि बंद कमरों में रची गई हत्या थी। पत्नी ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर पहले पति को जमकर शराब पिलाई। जब वो होश में नहीं रहा, तो करंट लगाकर उसे तड़पा-तड़पा कर मार डाला।

अब पुलिस ने इस हत्या का खुलासा करते हुए पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि, पत्नी से तलाक को लेकर चल रहे विवाद और अवैध संबंधों के कारण सुनियोजित तरीके से हत्या की गई थी। घटना बांदे थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, 24 मई 2025 को कांकेर के बांदे इलाके में बालोद जिले के दल्लीराजहरा निवासी मुकेश विश्वास की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। घटना स्थल की जांच के दौरान मृतक के दोनों हाथों और उंगलियों में जलने के निशान मिले थे।

पोस्टमॉर्टम और जांच में मौत का कारण करंट लगना पाया गया था। हालांकि, घटना स्थल से कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने विशेष टीम गठित कर केस की दोबारा जांच शुरू कराई।

पुलिस ने मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत संबंधों की पड़ताल की। साइबर सेल की तकनीकी जांच में मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास और इन्द्रजीत दास के बीच लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली।

पत्नी और प्रेमी के बीच थे अवैध संबंध

जांच में पता चला कि, सरस्वती विश्वास और इन्द्रजीत दास के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी मुकेश विश्वास को हो चुकी थी, जिससे परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। पुलिस को यह भी पता चला कि, मुकेश विश्वास अपनी पत्नी से तलाक लेने की तैयारी कर रहा था। इसी कारण आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पहले पिलाई शराब, फिर सोते में दिया करंट

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि, साजिश के तहत मुकेश विश्वास को बहाने से बुलाकर आरोपी रंजीत सरकार के खेत स्थित झोपड़ी में ले जाया गया। वहां उसे अधिक शराब पिलाई गई। जब वह अचेत हो गया, तो आरोपियों ने ट्यूबवेल में इस्तेमाल होने वाले बिजली तार से करंट लगा दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को दुर्घटना या सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की, जिससे पुलिस जांच भटक जाए।

साइंटिफिक जांच से खुली साजिश की परतें

पुलिस ने लगातार तकनीकी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, साइंटिफिक विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में इस्तेमाल बिजली तार, मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। पुलिस ने घटनाक्रम का क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन भी कराया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

ये कातिल हुए गिरफ्तार

  • सरस्वती विश्वास (मृतक की पत्नी) निवासी शांतिपारा बांदे
  • इन्द्रजीत दास (पत्नी का प्रेमी) निवासी चिकलाकसा, जिला बालोद
  • सुरेन्द्र बछाड़ (सहयोगी) निवासी कांकेर के पीवी-81 राधानगर
  • रंजीत सरकार (सहयोगी) निवासी कांकेर के पीवी-81 राधानगर
Facebook
X
WhatsApp
Telegram