रायपुर । छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 3 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की एक्टिविटी बढ़ेंगी। 30 मई यानि आज से प्रदेश में हीटवेव की स्थिति खत्म होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, जबकि नॉर्थ साउथ छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 3 से 5°C तक गिरा है।
इसके बावजूद राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46°C दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.8°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों ने रायपुर में तापमान का ट्रेंड चार्ट जारी किया है, जिसके मुताबिक 28 साल पहले 26 मई 1998 को रायपुर में अधिकतम तापमान 47°C रिकॉर्ड किया गया था, साल 2026 में रायपुर में मई महीने में कई बार पारा 45°C के करीब पहुंचा।
रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे
राजधानी में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शहर में बारिश, गरज-चमक या धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में हुई बारिश
प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 40MM बारिश सुकमा में हुई। इसके अलावा जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 30-30 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। टोकापाल में 20 MM , जबकि कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा और अंबिकापुर में 10-10MM बारिश हुई।
तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। अगले 2 दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।




