Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: बदला मौसम का मिजाज, कहीं हुई बारिश तो कहीं गिरे ओले; आज भी 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़: बदला मौसम का मिजाज, कहीं हुई बारिश तो कहीं गिरे ओले; आज भी 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 29 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है।

इधर, बिलासपुर के कोटा इलाके में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव इसकी चपेट में आ गए।

वहीं, मानपुर में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन मौतों से दोनों गांवों में मातम पसरा है।

तापमान की बात करें तो रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9°C दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2°C रिकॉर्ड हुआ।

मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर बना चक्रवाती घेरा

मौसम में हुए बदलाव का कारण मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती घेरा को माना जा रहा है। प्रदेश के मौसम में अभी ठहराव जैसी स्थिति है। रायपुर से अधिकृत तौर पर रवाना हो चुका मानसून बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मौजूद है।

चक्रवाती सिस्टम का असर

इधर उत्तरप्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंचने का असर बुधवार को थोड़े बदलाव के रूप में दिखाई पड़ा। इसके प्रभाव से दुर्ग में दोपहर अच्छी बारिश हुई और इसके पूर्व बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम इलाके में बारिश हुई। राजधानी रायपुर में मौसम का बदलाव नजर आया।

कई जगहों पर गिरे ओले

माना इलाके में कुछ देर तक बारिश हुई तो सड्डू में हल्की वर्षा के साथ ओले भी घिरे। बादल भी कई हिस्से में गरजते रहे और कई हिस्सों में धूप भी निकली रही।

बिलासपुर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar
बिलासपुर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
कोंडागांव में तेज हवा के साथ बारिश, ओले भी गिरे। - Dainik Bhaskar
कोंडागांव में तेज हवा के साथ बारिश, ओले भी गिरे।

रायपुर में 34 डिग्री तक तापमान

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.9°C रहा। आज (8 अक्टूबर) रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रह सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 33.9°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 18.2°C दर्ज किया गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram