Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: मितानिन की ब्लेड से गला काटकर हत्या, आरोपी से पैसों को लेकर हुआ था विवाद; होटल में पति-बेटों का काम में बंटा रही थी हाथ

छत्तीसगढ़: मितानिन की ब्लेड से गला काटकर हत्या, आरोपी से पैसों को लेकर हुआ था विवाद; होटल में पति-बेटों का काम में बंटा रही थी हाथ

गरियाबंद। गरियाबंद में मितानिन की ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी गई। वह अपने पति और दो बेटों के साथ होटल के काम में हाथ बंटा रही थी, तभी आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। हत्या की वजह पैसों का लेनदेन बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

घटना देवभोग थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक महिला का नाम छबनीता यादव (45) है, जो परिवार के साथ दीवानमुड़ा में रहती थी। पिता पुरित राम से साथ मिलकर 2 बेटे होटल चलाते हैं। बुधवार को नाश्ता करने के बाद आरोपी देवीसिंह (35) का छबनीता से विवाद हुआ था।

नाश्ते के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद

दरअसल, देवीसिंह नाश्ता करने होटल पहुंचा था। नाश्ते के बाद पैसों को लेकर उसका छबनीता से विवाद हो गया। इसके बाद वह पैसे देकर चला गया। कुछ देर बाद वह ब्लेड लेकर लौटा और काम में हाथ बंटा रही छबनीता की गर्दन पकड़कर हमला कर दिया।

बीच-बचाव में आए पिता-बेटा भी घायल

बीच-बचाव में आए बेटे हेमंत यादव (21) की गर्दन पर और पिता पुरित के पेट पर भी ब्लेड से हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर घायल पति और बेटों ने खून से लथपथ छबनीता को देवभोग अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टर प्रकाश साहू ने छबनीता को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

इसके बाद फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घायल पिता और बेटों की शिकायत पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी तलाश शुरू की, जिसे ओडिशा भागने से पहले घेराबंदी कर पकड़ा गया।

थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था और ओडिशा भागने के फिराक में था, लेकिन टीम ने उसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram