रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात तेज बारिश हुई, जिसने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी. मौसम विभाग ने इसे प्री-मानसून की बारिश बताया है. अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की संभावना है. इसके लिए परिस्थियां अनुकूल बनी हुई है. अगले दिनों में अधिकतम तापमान में कोई मुख्य बदलाव के आसार नहीं हैं. प्रदेश के कुछ इलाकों में मंगलवार को हल्की से माध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गरजने और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. 11 जून से यह गतिविधि बढ़ सकती है.
राजनांदगांव में 43.5 डिग्री की गर्मी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा हुई. बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेमी पानी गिरा. राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान अंबिकापुर 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैली ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बनी हुई है. एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तरपूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर स्थित है.
रायपुर में क्या आज बरसेंगे बादल ?
राजधानी रायपुर में मंगलवार को सोमवार की तरह सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने हालांकि शहर में आज बारिश को लेकर चेतावनी तो नहीं दी है. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.




