Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़ : 21 को आएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस जिलाध्यक्षों से करेंगे चर्चा

छत्तीसगढ़ : 21 को आएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस जिलाध्यक्षों से करेंगे चर्चा

रायपुर । राहुल गांधी 21 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकते हैं। करीब ढाई साल बाद उनका प्रदेश प्रवास प्रस्तावित है। इससे पहले वे सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ आए थे।

इस बार उनका दौरा कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान से जुड़ा माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर जिला कांग्रेस अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया, कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में 20 से 29 जून के बीच एक बड़े प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की तैयारी की जा रही है।

शिविर में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को भी शामिल किए जाने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का प्रस्ताव राहुल गांधी के कार्यालय को भेजा गया है और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

संगठन की कार्यप्रणाली समझेंगे कांग्रेस नेता

इस प्रशिक्षण शिविर में हाल ही में नियुक्त 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देगी कांग्रेस

यह पूरा आयोजन कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी 2025-26 में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। पार्टी का फोकस सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और संगठन में जवाबदेही तय करने पर है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने शुरू की तैयारी

कांग्रेस की रणनीति बूथ से प्रदेश स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, नए नेतृत्व को अवसर देने और एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यक वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित है। ऐसे में राहुल गांधी का प्रस्तावित दौरा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं।

जिलाध्यक्षों को मिलेगा ‘परफॉर्मेंस टास्क’

  • इस बार यह सिर्फ भाषणों की ट्रेनिंग नहीं होगी।
  • कांग्रेस नेतृत्व हर जिलाध्यक्ष को स्पष्ट टारगेट शीट देने जा रहा है, जिसमें शामिल रहेगा।
  • अपने जिले के कमजोर बूथ और नाराज वोटर समूहों पर करेंगे फोकस।
  • इसके अलावा आंदोलन चलाने वाले मुद्दों के लिए रणनीति पर होगी बात।

राहुल की टीम के तमाम लीडर होंगे शामिल

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक इस ट्रेनिंग कैंप में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल सहित तमाम दिग्गज नेता और एक्सपर्ट शामिल होंगे।

मीडिया मैनेजमेंट से लेकर यह सब सिखाएंगे

जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन और जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ ही सरकार की कमियों को उजागर करने के निर्देश दिए जाएंगे। विरोध-प्रदर्शन के तरीकों तथा जनता का अधिक से अधिक जुड़ाव पर भी फोकस रहेगा।

अध्यक्षों से वन-टू-वन बातचीत करेंगे राहुल

ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिला अध्यक्षों को न केवल संबोधित करेंगे, बल्कि जिला अध्यक्षों से वन टू वन बातचीत भी करेंगे। जिला अध्यक्षों से उनके जिले की सामाजिक, राजनीतिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

जिलाध्यक्षों को यह सब बताना होगा

बताया गया है कि राहुल गांधी प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों से उनके जिलों के प्रमुख बड़े मुद्दे, किस मुद्दे पर किस तरह काम किया जा सकता है। राज्य सरकार के किन मुद्दों पर उनको घेरा जा सकता है जिससे जनता भी उनके साथ जुड़े। वहीं पद मिलने के बाद उनके द्वारा चलाए गए अभियान की जानकारी के साथ ही आगामी रणनीति और कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram