Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: CRPF जवान ने फांसी लगाई, छुट्टी पर आया था घर; पत्नी और ससुरालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

छत्तीसगढ़: CRPF जवान ने फांसी लगाई, छुट्टी पर आया था घर; पत्नी और ससुरालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

बलरामपुर।  जिले में सीआरपीएफ के जवान ने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। घरवालों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है।

जवान जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था और छुट्टी पर घर आया था। करीब छह माह पहले भी जवान ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जहर खा लिया था। इस दौरान उसने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने, पैसों की मांग और धमकी देने का आरोप लगाते हुए वीडियो भी जारी किया था।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला के रहने वाले राजाराम प्रजापति की साल 2021 में सीआरपीएफ में नौकरी लगी थी। उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में थी और वह वहीं ड्यूटी कर रहे थे।

कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर अपने गांव कुंदीकला आए थे। घर आने के बाद उनकी पत्नी से लगातार विवाद होने लगा।

घर से निकला और आम पेड़ पर फांसी लगाई

जवान के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि बुधवार को भी राजाराम प्रजापति का पत्नी से विवाद हुआ। विवाद के बाद वह रस्सी लेकर दौड़कर घर से निकला और आम पेड़ पर चढ़कर फांसी पर झूल गया। उसके पीछे मां भी दौड़ी और शोर मचाई।

शोर सुनकर शिवकुमार प्रजापति और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राजाराम को फांसी के फंदे से उतारा। उसकी सांसें चल रही थी। घरवाले उसे लेकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप

शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि दिसंबर 2025 में राजाराम ने जहर सेवन कर लिया था। उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर पैसे मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगा वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। पुलिस से भी शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

राजाराम प्रजापति का करीब डेढ़ माह दो अस्पतालों में इलाज चला था। ठीक होने के बाद वह ड्यूटी में लौट गया था। इसके बाद भी पत्नी और ससुराल से विवाद हो रहा था।

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram