रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में वांटेड कारोबारी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर 27 नवंबर को उसे भारत लाया।
विकास अग्रवाल पर साल 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ की शराब वितरण व्यवस्था में हुई कथित अनियमितताओं में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। उसे इस सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘खजांची’ बताया गया है।
कमीशन के पैसे जुटाने का करता था काम
CBI के मुताबिक, शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं से राज्य के सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। आरोप है कि विकास अग्रवाल डिस्टिलरीज से कमीशन की रकम जुटाने, उसे सरकारी अधिकारियों और सिंडिकेट के बाकी सदस्यों तक पहुंचाने का काम करता था।
अपराध से अर्जित रकम को छिपाने के लिए विभिन्न कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए लेन-देन कराने में भी उसकी भूमिका बताई गई है।
इस मामले में नवंबर 2024 में ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद विकास अग्रवाल फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।
इंटरपोल का रेड नोटिस जारी होने के बाद UAE में पकड़ा गया
छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।
छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आरोपी को भारतीय टीम को सौंप दिया गया है।
टीम उसे लेकर 27 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पहुंची। मुंबई की सीबीआई कोर्ट में पेश करने के बाद प्रोडक्शन वारंट पर जल्द उसे छत्तीसगढ़ लाया जाएगा।
जानिए क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। 3200 करोड़ रुपए के घोटाले की बात कही गई है।
ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था।
3,200 करोड़ का शराब घोटाला
नवंबर 2026 की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने घोटाले का दायरा बढ़ाकर 3,200 करोड़ रुपए तक माना है।
इससे पहले जांच के शुरुआती चरणों में 2,161 करोड़ और बाद में 2,883 करोड़ रुपए के आंकड़े सामने आए थे।
इस मामले में सिंडिकेट के जरिए करीब 1,200 से 1,280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी किए जाने का आरोप है। इसी मामले में प्रमुख आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई से भारत लाया गया है।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब तक करीब 1,000 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क या जब्त कर चुका है।




