जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षिका ने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति और ऐप के जरिए निगरानी पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों के कामकाज को भी ऑनलाइन और सार्वजनिक करने की मांग की है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में निर्मला कोमल नाम की शिक्षिका ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं। वह नवागढ़ विकासखंड के एक हाई स्कूल में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचने के बाद उन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था।

शिक्षकों की निगरानी पर उठाए सवाल
वीडियो में शिक्षिका ने कहा कि जब शिक्षकों की उपस्थिति और कामकाज की निगरानी ऐप के माध्यम से की जा रही है, तो इसी तरह कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारियों के कार्यों का भी ऑनलाइन हिसाब होना चाहिए। उन्होंने सरकार से शिक्षकों पर निगरानी रखने के बजाय दूसरे विभागों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देने की बात कही। शिक्षिका ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के दौरान आने वाली परेशानियों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि समय पर स्कूल पहुंचने या उपस्थिति दर्ज कराने की जल्दबाजी में कई बार शिक्षकों के साथ हादसे तक हो जाते हैं।
सड़कों पर मवेशियों का मुद्दा भी उठाया
वीडियो में शिक्षिका ने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने अधिकारियों के दौरे, कार्यक्रम और कामकाज की जानकारी भी आम लोगों के सामने रखने की मांग की। निर्मला कोमल ने शिक्षकों की ऐप आधारित निगरानी बंद करने की बात कहते हुए दावा किया कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियां पूरी तरह निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यवस्था सुधारनी है तो दूसरे विभागों की कार्यप्रणाली पर भी ध्यान देना चाहिए।
वायरल वीडियो के बाद विभाग ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने वीडियो की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है।




