जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। भैंसो गांव के पास बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई।
हादसे में तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं।
लावारिस कुत्ते को पशु केंद्र छोड़कर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवकों को सड़क किनारे एक लावारिस कुत्ता मिला था। वे उसे लेकर बिलासपुर स्थित पशु केंद्र पहुंचे और वहां छोड़ने के बाद कार से घर लौट रहे थे।
सोमवार तड़के करीब 4 बजे ग्राम भैंसो के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई। हादसे के समय जय कुमार साहू पिछली सीट पर बैठा था। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आईं।
खरौद निवासी युवक चला रहा था कार
मृतक के साथियों के मुताबिक, हादसे के समय खरौद निवासी चिन्ना देवगन कार चला रहा था, जबकि गिधौरी निवासी अभय अवस्थी आगे की सीट पर बैठा था। जय कुमार साहू पिछली सीट पर सवार था।
बताया जा रहा है कि जय कुमार ने एक-दो दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी। हालांकि, वाहन किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटा, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। कार के अनियंत्रित होकर पलटने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




