जांजगीर । जांजगीर-चांपा जिले में एक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। ग्राम ठड़गाबहरा और बीरगहनी मोड़ के पास कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान बाइक से घर लौट रहे भाई-बहन ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान संजय कुर्रे (18) और अंजुलता कुर्रे (25) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम बीरगहनी के निवासी थे और किसी काम से बलौदा गए हुए थे। अंजुलता की शादी एक साल पहले ही खैजा निवासी मनीष लहरे से हुई थी।
डीएसपी प्रदीप सोरी से मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आ रहा ट्रेलर ओवरलोड था। मोड़ पर तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वह पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बलौदा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।



