Home » जांजगीर » जांजगीर: शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पहुंचे थे बीच-बचाव करने; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर: शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पहुंचे थे बीच-बचाव करने; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर । जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तनौद में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहन महिपाल पर युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात गांव के कुछ लोग तनौद-नवागांव मुख्य मार्ग किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और सड़क किनारे शराब पीने से मना किया। इसी बात पर वहां मौजूद उमाशंकर साहू भड़क गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ा, बीच-बचाव में गई जान

देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपी उमाशंकर साहू ने सत्यवान महिपाल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहन महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे।

आरोप है कि उमाशंकर साहू ने लाठी से मोहन महिपाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

परिजन घायल मोहन महिपाल को तत्काल खरौद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उमाशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामूली विवाद में लाठी-डंडे से हमला किया गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram