Home » राष्ट्रीय » दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज बड़े प्रदर्शन का ऐलान, 11 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद; धारा 163 लागू

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज बड़े प्रदर्शन का ऐलान, 11 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद; धारा 163 लागू

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और कुछ छात्र संगठनों द्वारा राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर आज बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि कई रूट पर ट्रैफिक में बदलाव किया है। कई रास्तों में डायवर्जन किया गया है। यही नहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी राजधानी के 11 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि, इन 11 मेट्रो स्टेशनों में राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

DMRC का बड़ा फैसला

डीएमआरसी के अनुसार, ‘अगले आदेश तक इन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी- जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली।’ हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

उधर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर और उसके आस-पास के इलाकों में ट्रैफिक को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। इस दौरान यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। ट्रैफिक पुलिस ने आगे कहा कि कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आस-पास की सड़कों के आस-पास ट्रैफिक डायवर्जन नियम लागू रहेंगे।

इन रास्तों से बचकर निकलें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, पार्लियामेंट स्ट्रीट और सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाले गाड़ी चालकों को सलाह दी जाती है कि वे वैकल्पिक रास्तों की योजना पहले से बना लें। यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें और सड़कों पर तैनात दिल्ली ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और जहां भी संभव हो, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

जंतर मंतर पर प्रदर्शन को लेकर फैसला

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि धैर्य रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इलाके में तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करें। जाम से बचने के लिए डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जहां तक हो सके जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड और आस-पास की सड़कों पर जाने से बचें। बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन हो सकते हैं।

इलाके में बीएनएस की धारा 163 लागू

ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी में बताया है कि तय किए गए रास्तों पर या उनके आस-पास गाड़ियां रोकना या पार्क करना मना है। ऐसा करने से ट्रैफिक में रुकावट आ सकती है। सक्षम अधिकारी के आदेशों के अनुसार, बताए गए इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू रहेगी। जनता को सलाह दी जाती है कि वे सक्षम अधिकारियों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों के सभी निर्देशों का पालन करें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram