बिलासपुर। जिले के जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की हत्या के बाद शव को जला दिया गया। हत्यारों ने युवक के हाथ-पैर और सिर को जीआई तार से बाइक पर बांध दिया था। पहचान और सबूत छिपाने के लिए आग लगा दी।
पुलिस को आशंका है कि पहले युवक की हत्या की गई है, फिर शव को जंगल ले जाकर आग लगाई गई। इस हत्या का मुंगेली से तार जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, युवक की पहचान नहीं हुई है।
जिस तरह से वारदात में चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया गया है। इससे शक है कि युवक के करीबी और परिचितों ने मिलकर इस कांड को अंजाम दिया होगा।
युवक के जले हुए शव और बाइक मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस अफसरों के साथ टीआई, फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के साथ डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पता चला कि बाइक के साथ ही युवक करीब 90 फीसदी जल गया था। फिलहाल, पुलिस पुरानी रंजिश, लव एंगल समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना कोटा क्षेत्र के शिवतराई की है।

जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, शिवतराई जंगल में बाइक मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर स्टैंड पर खड़ी थी। जांच के दौरान पुलिस को युवक के हाथ बाइक के लेग गार्ड, पैर फुटरेस्ट और सिर हैंडल से बंधे मिले।
पुलिस को शक है कि, आरोपियों ने पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई होगी। हालांकि, फोरेंसिक टीम की जांच में ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है।
मुंगेली से जुड़ा हो सकता है मामला
टीम ने शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई है कि घटना करीब दो दिन पुरानी है। पुलिस मौके से मिले सबूतों के आधार पर जांच कर रही है। वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने और उनके पड़ोसी जिले मुंगेली से जुड़े होने का शक है।
दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिले, एक महीने पहले चोरी हुई थी बाइक
पुलिस को घटनास्थल पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिले हैं। इनमें एक पर सीजी 25 (बेमेतरा) और दूसरी पर सीजी 10 (बिलासपुर) लिखा था। चेसिस नंबर से जांच करने पर बाइक मुंगेली पासिंग के होने की जानकारी सामने आई।
मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर बाइक रजिस्टर्ड थी और करीब एक महीने पहले जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी।

पुलिस का शक मुंगेली का है युवक, परिजनों ने किया इनकार
पुलिस ने शुरुआती जांच और पूछताछ के बाद शव को मुंगेली के शिक्षक कॉलोनी निवासी मिथिलेश वर्मा (33) पिता राजेंद्र कुमार वर्मा के रूप में होने की आशंका जताई है। वह मुंगेली बस स्टैंड रोड के पड़ाव चौक पर कियोस्क सेंटर चलाता था।
मिथिलेश 16 नवंबर की शाम से लापता है। हालांकि, उसके परिजनों ने शव की पहचान से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस अब मोबाइल की कॉल हिस्ट्री और अन्य तकनीकी सबूतों के जरिए पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
बारिश में धुल गया सबूत, 100 मीटर तक घूमता रहा स्निफर डॉग
पुलिस ने जांच के लिए स्निफर डॉग की भी मदद ली। मौके पर पहुंचा सर्च डॉग करीब 100 मीटर तक घूमता रहा, जिसके बाद वापस लौट आया।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण फोरेंसिक टीम को सबूत जुटाने में भी परेशानी हुई। वहीं, गंध नहीं मिलने के कारण डॉग को भी कोई सुराग नहीं मिला।
रंजिश और लव एंगल समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस का मानना है कि जिस तरह से युवक की हत्या कर शव को जलाया गया है। इससे वारदात में पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मृतक की कॉल हिस्ट्री में मिले नंबरों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिक कॉल वाले नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।




